यूपी चुनाव मिशन में जुटी भाजपा, सीएम योगी ने अमित शाह से की मुलाकात

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, दोनों नेताओं के बीच शिष्टाचार भेंट हुई।
- यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा ने संगठन और बूथ स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
- योगी-अमित शाह मुलाकात के बाद प्रदेश भाजपा में संभावित संगठनात्मक बदलावों को लेकर चर्चाएं बढ़ गई हैं।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। मुख्यमंत्री देर शाम अमित शाह के आवास पहुंचे और दोनों नेताओं के बीच शिष्टाचार भेंट हुई। इस मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में चुनावी तैयारियों को लेकर भाजपा ने अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के लखनऊ दौरे के बाद संगठन स्तर पर बैठकों और कार्यक्रमों का सिलसिला बढ़ गया है। अब मुख्यमंत्री योगी और अमित शाह की मुलाकात के बाद प्रदेश संगठन में संभावित बदलावों को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।
इससे पहले 11 जुलाई को भाजपा प्रदेश इकाई की बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें पदाधिकारियों को चुनावी तैयारियों से जुड़े कई कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पार्टी ने चुनाव तक इन अभियानों को लगातार चलाने की रणनीति बनाई है।
भाजपा की योजना के तहत 19 से 22 जुलाई के बीच प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर बूथ सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों के जरिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.