जयपुर में ज्वेलरी शॉप से 20 लाख की अंगूठियों से भरा बॉक्स चोरी, व्यापारी ने युवती को पकड़ा

HIGHLIGHTS
- घटना निवारू रोड स्थित लक्ष्मी नगर की भवानी ज्वैलर्स में हुई।
- युवती गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे दुकान पर पहुंची थी।
- दुकानदार ने उसके सामने करीब 25 सोने की अंगूठियों वाला बॉक्स रखा था।
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में एक ज्वेलरी शॉप से दिनदहाड़े करीब 20 लाख रुपये कीमत की सोने की अंगूठियों से भरा बॉक्स लेकर फरार हो रही युवती को सर्राफा व्यापारी ने करीब 500 मीटर पीछा करने के बाद पकड़ लिया।
मामला निवारू रोड स्थित लक्ष्मी नगर के भवानी ज्वैलर्स का है। दुकान में हुई पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है।
ग्राहक बनकर दुकान पहुंची युवती
भवानी ज्वैलर्स के मालिक त्रिलोक चंद प्रजापत (37) ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11:45 बजे एक युवती ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंची। उसने सोने की अंगूठियां देखने के लिए कहा। इस पर दुकानदार ने करीब 25 सोने की अंगूठियों वाला एक बॉक्स उसके सामने रख दिया। बॉक्स में रखी अंगूठियों की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये थी।
दो अंगूठियां पसंद कीं, फिर बॉक्स लेकर भागी
युवती ने दो अंगूठियां पसंद कर लीं और कहा कि वह अपने पिता से ऑनलाइन पेमेंट करवा देगी। इसी दौरान दुकानदार दूसरे ग्राहक को सामान दिखाने में व्यस्त हो गया। मौका मिलते ही युवती पूरा ज्वेलरी बॉक्स उठाकर दुकान से बाहर भाग गई।
दुकानदार ने 500 मीटर तक किया पीछा
युवती को बॉक्स लेकर भागते देख त्रिलोक चंद अपने कर्मचारी के साथ उसके पीछे दौड़े। करीब 500 मीटर तक पीछा करने के बाद उन्होंने युवती को पकड़ लिया और उसके पास से ज्वेलरी बॉक्स सुरक्षित वापस ले लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी युवती को झोटवाड़ा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पर्स में मिला मिर्ची पाउडर और केमिकल स्प्रे
पकड़े जाने के बाद युवती ने कहा, “मुझे जेल जाना है, इसलिए मैंने ऐसा किया।”
तलाशी के दौरान युवती के पर्स से लाल मिर्च पाउडर और जलन पैदा करने वाला केमिकल स्प्रे भी मिला। चोरी की घटना को अंजाम देने से ठीक पहले उसके फोन पर एक कॉल आई थी। कॉल काटने के तुरंत बाद उसने ज्वेलरी बॉक्स लेकर भागने की कोशिश की।
मामले को लेकर पीड़ित ने झोटवाड़ा थाने में आरोपी युवती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.