हंगरी में पोलैंड के पर्यटकों से भरी बस खाई में गिरी, 12 की मौत; 10 गंभीर घायल

HIGHLIGHTS
- हादसा रविवार तड़के मेजोकेरेजटेस शहर के पास हुआ।
- बस में 57 यात्री और दो ड्राइवर सवार थे।
- शुरुआती जांच में ड्राइवर को नींद की झपकी आने की आशंका जताई गई।
बुडापेस्ट। पूर्वी हंगरी के मेजोकेरेजटेस शहर के पास M3 मोटरवे पर रविवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। पोलैंड के पर्यटकों को ले जा रही एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिरकर पलट गई।
इस हादसे में 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कम से कम 10 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
ड्राइवर को नींद की झपकी आने से हादसा
सरकारी समाचार एजेंसी MTI के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस में 57 यात्री और दो ड्राइवर सवार थे। बस न्यिरग्यहाज़ा शहर की ओर जा रही थी। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का मानना है कि सड़क के सीधे हिस्से पर अचानक ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई। इससे बस पर से नियंत्रण खो गया और हादसा हो गया।
हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में बस खाई में एक तरफ पलटी हुई दिखाई दे रही है। बस की खिड़कियां पूरी तरह टूट गई हैं और यात्रियों का सामान सड़क और आसपास बिखरा हुआ है। पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में लिया है।
हंगरी के प्रधानमंत्री ने जताया दुख
हंगरी के प्रधानमंत्री पीटर मैग्यार ने सोशल मीडिया के जरिए इस दुखद घटना की जानकारी दी और मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
वहीं, पोलैंड के राष्ट्रपति कैरोल नवरोकी और विदेश मंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि पोलिश कांसुलर सेवा लगातार हंगरी के अधिकारियों के संपर्क में है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.