समय रैना-रणवीर इलाहाबादिया के खिलाफ सभी FIR रद्द, सुप्रीम कोर्ट ने दी बड़ी राहत

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट ने दोनों के खिलाफ दर्ज अलग-अलग FIR रद्द कर दीं।
- रणवीर इलाहाबादिया ने सभी FIR को एक साथ जोड़ने की मांग की थी।
- कोर्ट ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक नैतिकता पर जोर दिया।
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने कॉमेडी शो 'इंडियाज गॉट लेटेन्ट' में दिव्यांगजनों के खिलाफ की गई असंवेदनशील और आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामले में कॉमेडियन समय रैना और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया को बड़ी राहत दी है। सुप्रीम कोर्ट ने इस विवाद को लेकर अलग-अलग राज्यों में दोनों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द कर दिया है।
हालांकि, सुनवाई के दौरान कोर्ट ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक नैतिकता और अदालत के आदेशों का पालन करने की सख्त हिदायत दी। नियमों की अनदेखी करने पर अदालत ने जुर्माना भी लगाया।
दरअसल, रणवीर इलाहाबादिया ने अपने खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर को एक साथ जोड़ने और दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था।
अभिव्यक्ति की आजादी के साथ नैतिकता जरूरी
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उनकी टिप्पणियों पर सख्त नाराजगी जताई और कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता किसी को भी सामाजिक मानदंडों का उल्लंघन करने वाली भाषा के इस्तेमाल की छूट नहीं देती।
हालांकि, जान से मारने की धमकियों की खबरों को देखते हुए शीर्ष अदालत ने उन्हें अंतरिम राहत दी और पुलिस सुरक्षा मांगने की अनुमति भी दी।
अदालत को हल्के में मत लो
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कनाडा में किए गए एक शो के दौरान दिए गए बयानों को लेकर कॉमेडियन समय रैना को कड़ी चेतावनी दी। न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि अदालत को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन युवाओं को भले ही लगे कि अदालत पुराने जमाने की है, लेकिन अदालत जानती है कि ऐसे मामलों से कैसे निपटना है।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट की यह टिप्पणी उस समय आई, जब समय रैना ने अपने शो के अंत में कनाडा में दर्शकों से मजाक करते हुए कहा था कि वे उनके वकील की फीस चुकाने में मदद कर रहे हैं।
क्या था इंडियाज गॉट लेटेन्ट का विवाद?
'इंडियाज गॉट लेटेन्ट' समय रैना का शो था। इसके एक एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया, आशीष चंचलानी और रीबेल किड उर्फ अपूर्वा मखीजा शामिल हुए थे। शो के दौरान रणवीर ने माता-पिता को लेकर एक टिप्पणी की थी और कुछ अन्य बातें भी कही थीं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी काफी आलोचना हुई।
रणवीर इलाहाबादिया, रीबेल किड और समय रैना के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। बाद में समय रैना के 'इंडियाज गॉट लेटेन्ट' के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए गए थे। इस मामले को लेकर काफी विवाद हुआ था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.