‘वंदे मातरम’ विवाद पर अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले- सोनिया गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए

HIGHLIGHTS
- अमित शाह ने चित्तौड़गढ़ की जनसभा में कांग्रेस पर निशाना साधा।
- उन्होंने कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का जिक्र किया।
- शाह ने आरोप लगाया कि गीत को बीच में रोकने के लिए कहा गया।
जयपुर। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया है।
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, "उनकी बेशर्मी देखिए। कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ गाया जा रहा था। गीत के दौरान, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष से गाना रोकने को कहा।
हम सब बस टीवी पर देखते रह गए, सोनिया जी, 140 करोड़ लोग आपको देख रहे हैं। आपने जो पाप किया है, उसे देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। कोई ‘वंदे मातरम’ गीत को अधूरा छोड़ने का सपना भी कैसे देख सकता है? कांग्रेस के लोगों को शर्म आनी चाहिए।"
कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए- अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कांग्रेस पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का अपमान करने का आरोप लगाया और मांग की कि पार्टी लोगों से और इस गीत को लिखने वाले बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय से माफी मांगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस मुख्यालय में आजादी के दिन के कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेता सोनिया गांधी ने ‘वंदे मातरम’ गीत को बीच में ही रोकने के लिए कहा था।
गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि वोट-बैंक की राजनीति के कारण कांग्रेस ‘वंदे मातरम’ को भूल गई है। शाह ने कहा कि हम सबने इसे टेलीविजन पर देखा और कहा कि सोनिया गांधी को लोगों से और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की अमर आत्मा से माफी मांगनी चाहिए।
शनिवार को हुए आजादी के जश्न का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि आजादी के 80 साल बाद लाल किले और उन सभी जगहों पर ‘वंदे मातरम’ गाया गया, जहां झंडा फहराया गया था। शाह ने आजादी की लड़ाई के दौरान क्रांतिकारी नारे के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए कहा, "हजारों लोगों ने ‘वंदे मातरम’ गाने के लिए गोलियां और लाठियां खाईं और जेल गए।"
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.