‘संसद चलो’ मार्च के बाद सीजेपी का यू-टर्न, दिल्ली पुलिस मुख्यालय पर होने वाला धरना टला

HIGHLIGHTS
- सीजेपी ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रस्तावित धरना स्थगित किया।
- पार्टी ने हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों की रिहाई का दावा किया।
- दिल्ली पुलिस ने हिरासत से जुड़े आरोपों को गलत और भ्रामक बताया।
नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने मंगलवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर होने वाले प्रस्तावित धरने को स्थगित कर दिया। पार्टी ने दावा किया कि ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हिरासत में लिए गए सभी प्रदर्शनकारियों को रिहा कर दिया गया है।
इससे पहले सीजेपी ने आरोप लगाया था कि मार्च के दौरान सैकड़ों समर्थकों को हिरासत में लिया गया है और उन्हें वकीलों से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसी को लेकर पार्टी ने दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर धरना देने का ऐलान किया था। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया था।
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने दी जानकारी
सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि पार्टी के वकीलों ने जानकारी दी है कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों को रिहा कर दिया गया है। इसके बाद दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रस्तावित धरने को स्थगित करने का फैसला लिया गया। उन्होंने सभी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।
पुलिस ने दावों को बताया गलत
वहीं, दिल्ली पुलिस ने पूरे मामले पर कहा कि हिरासत में लिए जाने और वकीलों से मुलाकात की अनुमति नहीं देने संबंधी दावे गलत और भ्रामक हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि फिलहाल कोई भी व्यक्ति हिरासत में नहीं है।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर अपुष्ट और भ्रामक जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। जारी बयान में कहा गया कि हिरासत और वकीलों से मिलने की अनुमति से जुड़े दावे सही नहीं हैं और लोगों को ऐसी सामग्री साझा करने से बचना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.