बुलंदशहर में आंबेडकर पर टिप्पणी के आरोपी को भीड़ ने घेरा, पुलिस हिरासत से निकालकर की पिटाई

HIGHLIGHTS
- बुलंदशहर के पहासू में आंबेडकर पर टिप्पणी के बाद आरोपी युवक को भीड़ ने पुलिस हिरासत में पीटा।
- पुलिस ने आरोपी युवक और मारपीट करने वाले 50 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।
- एसपी देहात ने मौके पर पहुंचकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
बुलंदशहर के पहासू कस्बा क्षेत्र में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर टिप्पणी करने वाले युवक को पुलिस हिरासत में ले जाते समय लोगों ने बीच रास्ते में रोककर पीट दिया। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया। घटना के बाद एसपी देहात अंतरिक्ष जैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कस्बे में गश्त कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने टिप्पणी करने वाले युवक के साथ ही मारपीट करने वाले 50 लोगों के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज की है।
पहासू कस्बे के लोधीनगर मोहल्ला निवासी नितिन कुमार ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें जाटव समाज और डॉ. भीमराव आंबेडकर बाबा साहब को लेकर अशोभनीय टिप्पणी की गई थी। इस पर जाटव समाज के लोगों ने विरोध जताया। मामले में पहासू कस्बा चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार की ओर से आरोपी नितिन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
मंगलवार सुबह पुलिसकर्मी आरोपी नितिन को उसके घर से हिरासत में लेकर थाने जा रहे थे। इसी दौरान इसकी जानकारी मिलने पर सैकड़ों लोग पहासू कस्बे के मठ मंदिर के पास पहुंच गए। लोगों ने फेंटम सवार पुलिसकर्मी और आरोपी को रोक लिया। इस दौरान भीड़ में मौजूद लोगों ने जय भीम के नारे लगाए और नितिन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि भीड़ में शामिल लोगों ने पुलिसकर्मी को धक्का देकर हिरासत में लिए गए नितिन की पिटाई शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आरोपी को भीड़ से बाहर निकाला और सुरक्षित थाने लेकर पहुंचे।
घटना के बाद पहासू मार्ग पर भी लोगों की भीड़ जमा होने लगी। सूचना मिलने पर पहासू थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद एसपी देहात अंतरिक्ष जैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
एसपी देहात ने पुलिस टीम के साथ कस्बे में रूट मार्च किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.