स्वतंत्रता दिवस पर सीएम सुक्खू का बड़ा एलान, 10 लाख तक स्वास्थ्य बीमा और हजारों पद भरने की घोषणा

HIGHLIGHTS
- एनएचएम में सात साल पूरे कर चुके कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान देने की घोषणा।
- आउटसोर्स स्वास्थ्यकर्मियों और डाटा एंट्री ऑपरेटर के वेतन में संशोधन किया जाएगा।
- गरीब परिवारों के लिए 10 लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा की नई नीति लाई जाएगी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में आयोजित हिमाचल प्रदेश के राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कर्मचारियों और अन्य वर्गों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में सात वर्ष पूरे कर चुके कर्मचारियों को 1 अप्रैल से संशोधित वेतनमान देने की घोषणा की। वहीं आउटसोर्स स्टाफ नर्स, पैरा मेडिकल कर्मियों, लैब तकनीशियन, फार्मासिस्ट और ऑपरेशन थिएटर तकनीशियन को सितंबर से 25 हजार रुपये तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर को 18 हजार रुपये संशोधित वेतन देने की बात कही। सीएम ने कहा कि सरकार नई स्वास्थ्य बीमा नीति लागू करेगी, जिसके तहत गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा।
विभिन्न विभागों में हजारों पद भरने का एलान
सीएम सुक्खू ने आने वाले समय में 100 पंचायतों को ग्रीन बनाने की घोषणा की। उन्होंने जल शक्ति विभाग में 4,000 पद भरने का एलान किया। साथ ही कहा कि 31 मार्च 2027 तक कोई भी डॉक्टर सेवानिवृत्त नहीं होगा।
उन्होंने वन मित्रों का वेतन 1,200 रुपये करने की घोषणा की। विभिन्न विभागों में हजारों पद भरे जाएंगे। 1,975 सरकारी स्कूलों में चौकीदारों का एक-एक पद भरा जाएगा। मल्टी टास्क वर्करों और आउटसोर्स कर्मियों के लिए एक नीति लाने पर भी विचार किया जा रहा है।
हमीरपुर में हिमाचल का पहला समर्पित साइंस कॉलेज स्थापित किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत 100 करोड़ रुपये बताई गई है।
कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बड़ी घोषणा
सीएम ने कहा कि वर्तमान सरकार के सत्ता में आने से पहले पिछली सरकार वेतन और पेंशन एरियर के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी छोड़ गई थी। उन्होंने कहा कि सरकार हमेशा कर्मचारियों और पेंशनरों के हित में रही है।
प्रदेश की कठिन आर्थिक स्थिति के बावजूद अब तक लगभग 2,170 करोड़ रुपये से अधिक के वेतन और पेंशन एरियर का भुगतान कर्मचारियों और पेंशनरों को किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने घोषणा की कि प्रदेश के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उनके वेतन एरियर का अतिरिक्त 20 हजार रुपये का भुगतान इसी माह किया जाएगा।
वर्ष 2016 से दिसंबर 2021 के दौरान सेवानिवृत्त तृतीय श्रेणी पेंशनरों और पारिवारिक पेंशनरों को उनके पेंशन या पारिवारिक पेंशन एरियर का अतिरिक्त 30 प्रतिशत भुगतान इसी माह किया जाएगा। क्लास वन और क्लास टू पेंशनरों तथा पारिवारिक पेंशनरों को उनके पेंशन या पारिवारिक पेंशन एरियर का 15 प्रतिशत भुगतान भी इसी माह किया जाएगा।
वेतन और पेंशन एरियर के भुगतान पर लगभग 281 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सीएम ने परेड का निरीक्षण किया
इससे पहले सुबह करीब 11:02 बजे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। भव्य मार्चपास्ट में 12 विभिन्न टुकड़ियों ने हिस्सा लिया।
इनमें हिमाचल प्रदेश पुलिस की छठी भारतीय रिजर्व बटालियन धौलाकुआं, तृतीय आईआरबी पंडोह, द्वितीय आईआरबी (महिला) सकोह, हमीरपुर जिला पुलिस, सेंट्रल रेंज मंडी की यातायात पुलिस, महिला एवं पुरुष होमगार्ड, हरियाणा पुलिस तथा विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों की टुकड़ियां शामिल रहीं।
हिमाचल प्रदेश पुलिस की उत्तरी रेंज की विशेष सुरक्षा इकाई की ओर से वीआईपी सुरक्षा पर विशेष प्रदर्शन भी किया गया। विभिन्न जिलों और बड़सर क्षेत्र के स्कूलों के सांस्कृतिक दलों ने देशभक्ति और लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया। भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की लाभार्थी महिलाओं को चेक वितरित किए गए। समारोह के समापन के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया।
पहली बार लाखों विद्यार्थियों ने लाइव सुना सीएम का संबोधन
हिमाचल में स्वतंत्रता दिवस पहली बार सरकारी स्कूलों के लिए कई मायनों में विशेष रहा। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहली बार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के राज्य स्तरीय संबोधन का लाइव प्रसारण किया गया। इसे लाखों विद्यार्थियों ने एक साथ देखा और सुना।
विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह, मुख्य अतिथि के संदेश तथा स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश के महान राष्ट्रनायकों के योगदान से अवगत कराया गया।
छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को उनके संबंधित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में समारोहों में शामिल किया गया। वहीं कांप्लेक्स स्कूलों में 500 मीटर के दायरे में स्थित प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थी भी मुख्य समारोह का हिस्सा बने।
स्कूलों में 17 अगस्त को रहेगी छुट्टी
बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों के बीच अब प्रदेश के स्कूलों में 17 अगस्त को अवकाश रहेगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त को होने वाले कार्यक्रमों के चलते विद्यार्थियों और शिक्षकों को 17 अगस्त को छुट्टी दी जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने कुछ दिन पहले आदेश जारी कर प्रदेश के सभी सरकारी स्कूलों को 15 अगस्त को सामान्य रूप से खुला रखने के निर्देश दिए थे।
आदेशों में कहा गया था कि स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति के माहौल में मनाया जाए और सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.