ग्रेनो वेस्ट के मॉल में फिल्म 'रामायण' की स्क्रीनिंग के दौरान हड़कंप, प्रोजेक्टर रूम से निकला धुआं

HIGHLIGHTS
- ग्रेनो वेस्ट के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल स्थित यूएस सिनेमा में हुई घटना।
- गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे फिल्म 'रामायण' का शो चल रहा था।
- प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण धुआं फैल गया।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल स्थित यूएस सिनेमा में गुरुवार शाम फिल्म 'रामायण' की स्क्रीनिंग के दौरान अचानक प्रोजेक्टर रूम से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं फैलने से हॉल में मौजूद दर्शकों के बीच घबराहट फैल गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिल्म का शो बीच में ही रोक दिया गया और ऑडिटोरियम को खाली करा लिया गया। घटना के बाद एहतियातन सिनेमा के तीन ऑडिटोरियम में स्क्रीनिंग बंद कर दी गई। राहत की बात रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, बिसरख थाना क्षेत्र के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल स्थित यूएस सिनेमा में गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे ऑडिटोरियम नंबर-10 में फिल्म 'रामायण' दिखाई जा रही थी। इसी दौरान प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे तार गर्म होने लगे और कमरे में धुआं भर गया। प्रोजेक्टर रूम से धुआं निकलता देखकर दर्शक घबरा गए।
स्थिति को देखते हुए सिनेमा प्रबंधन ने तुरंत फिल्म का प्रदर्शन रोक दिया और दर्शकों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
ऑडिटोरियम में मौजूद थे करीब 25 दर्शक
घटना के समय ऑडिटोरियम नंबर-10 में लगभग 25 लोग फिल्म देख रहे थे। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद लोगों ने अग्निशमन यंत्रों की मदद से तारों में लगी आग को शुरुआती स्तर पर ही बुझा दिया। इसके बाद ऑडिटोरियम में मौजूद करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर सिनेमा के तीन ऑडिटोरियम में फिल्मों की स्क्रीनिंग रोक दी गई।
फायर सर्विस और पुलिस टीम ने किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम और बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। राहत की बात यह रही कि धुएं के कारण किसी दर्शक या सिनेमा कर्मचारी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई।
शो अचानक बंद होने से दर्शकों को हुई परेशानी को देखते हुए सिनेमा प्रबंधन ने टिकट की रकम वापस कर दी।
प्रारंभिक जांच में प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण तार गर्म होने और धुआं निकलने की बात सामने आई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से मामले में जरूरी कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.