बुलंदशहर में रुपये के विवाद ने लिया खूनी रूप, एक की गोली से तो दूसरे की कार से कुचलकर मौत

HIGHLIGHTS
- बुलंदशहर के निजामपुर गांव में रुपये के विवाद के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ।
- फायरिंग और कार चढ़ाने की घटना में दो लोगों की मौत, तीन घायल हुए।
- पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फरार लोगों की तलाश जारी है।
बुलंदशहर: सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद मंगलवार रात हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट के बाद फायरिंग हुई और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दो लोगों की मौत हो गई। घटना में तीन लोग घायल भी हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, गांव के रहने वाले उत्तम शर्मा और प्रशांत के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद शुरू हुआ था। कहासुनी बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पहले दोनों ओर से मारपीट हुई और इसके बाद गोलियां चलने लगीं।
फायरिंग के दौरान अजब सिंह को गोली लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं रतन, अरविंद और सत्यपाल घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
कार चढ़ाने से दूसरे पक्ष के व्यक्ति की मौत
पुलिस के अनुसार, संघर्ष के दौरान अजब सिंह पक्ष के लोगों ने सोनू नामक व्यक्ति पर कार चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल सोनू की भी मौत हो गई। इस तरह विवाद में दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति की जान चली गई।
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया। वारदात के बाद दोनों पक्षों के कई लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है।
एडीजी और डीआईजी ने लिया जायजा
मामले की जानकारी मिलते ही एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.