सुप्रिया सुले के नेतृत्व में NCP-SP के 8 सांसदों ने PM मोदी से की मुलाकात, महाराष्ट्र के मुद्दों पर चर्चा

HIGHLIGHTS
- एनसीपी (शरद गुट) के सांसद महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दे PM मोदी के सामने रखेंगे।
- किसानों की आत्महत्या और पानी के संकट पर भी चर्चा होगी।
- शहरीकरण से जुड़ी समस्याओं को लेकर भी प्रतिनिधिमंडल बात करेगा।
नई दिल्ली। एनसीपी (शरद पवार गुट) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में पार्टी के सभी आठ लोकसभा सांसदों ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। बैठक में महाराष्ट्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत हुई। यह मुलाकात करीब 15 मिनट तक चली।
बैठक के बाद सुप्रिया सुले ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ महाराष्ट्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के सांसदों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से संबंधित विषय प्रधानमंत्री के सामने रखे।
क्या सूखा और प्याज की कीमतों पर हुई चर्चा?
सूत्रों के अनुसार, एनसीपी (एसपी) सांसदों ने अपने क्षेत्रों से जुड़े कई विषय प्रधानमंत्री के सामने रखे। इनमें सूखे की स्थिति, प्याज की कीमत और चंद्रभागा नदी में प्रदूषण से संबंधित मुद्दे शामिल थे। सांसदों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की समस्याओं से प्रधानमंत्री को अवगत कराया।
FCRA संशोधन विधेयक का मुद्दा उठा या नहीं?
करीब 15 मिनट चली बैठक में विवादित FCRA संशोधन विधेयक पर चर्चा नहीं हुई। सुप्रिया सुले मौजूदा स्वरूप में इस विधेयक का विरोध करती रही हैं। शनिवार को उन्होंने कहा था कि विदेशी फंडिंग को हर बार संदेह की नजर से नहीं देखा जा सकता। उन्होंने केंद्र सरकार से विधेयक वापस लेने या इसे संयुक्त संसदीय समिति यानी JPC के पास भेजने की मांग की थी।
पहले भी पीएम मोदी से मिले थे शरद पवार और सुप्रिया सुले
इससे पहले 22 जुलाई को एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने अपनी सांसद बेटी सुप्रिया सुले के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। बैठक के बाद शरद पवार ने बताया था कि उन्होंने और सुप्रिया सुले ने प्रधानमंत्री के साथ नीट पेपर लीक को लेकर छात्रों की मांगों, किसानों की समस्याओं, जल प्रबंधन और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी।
शरद पवार ने ‘एक्स’ पर मराठी में किए गए पोस्ट में कहा था कि प्रधानमंत्री ने इन सभी विषयों पर सकारात्मक और ठोस कदम उठाने का भरोसा दिया था। एनसीपी (एसपी) फिलहाल विपक्षी INDIA गठबंधन का हिस्सा है। सोमवार की बैठक में पार्टी के लोकसभा के सभी आठ सांसद मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.