2027 चुनाव से पहले सपा में अनुशासन पर जोर, शिवपाल बोले- पार्टी की बदनामी बर्दाश्त नहीं

HIGHLIGHTS
- शिवपाल सिंह यादव ने सैफई में पार्टी कार्यकर्ताओं को अनुशासन बनाए रखने की सलाह दी।
- धमकी देने वाले कार्यकर्ताओं की शिकायत मिलने पर उन्हें पार्टी से निकालने के निर्देश दिए।
- शिवपाल ने कहा कि पार्टी की छवि खराब नहीं होनी चाहिए और लोगों को विनम्रता से अपना बनाएं।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने इटावा के सैफई स्थित ब्लॉक कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अनुशासन बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता की ओर से यह धमकी दी जाती है कि सरकार आने पर देख लेंगे और इस संबंध में शिकायत मिलती है, तो संबंधित जिलाध्यक्ष उस कार्यकर्ता को पार्टी से बाहर करें।
शिवपाल यादव ने साफ कहा कि किसी भी सूरत में पार्टी की छवि खराब नहीं होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं को लोगों के साथ विनम्रता से पेश आने और उन्हें अपने व्यवहार से जोड़ने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव को आजादी की लड़ाई जैसा बताते हुए कहा कि समाजवादियों के सामने इस बार करो या मरो की स्थिति है। आगामी चुनाव पहले के मुकाबले बिल्कुल अलग होने वाला है।
अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को अच्छे व्यवहार और भाषा की दी सीख
दिवाली के मौके पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव अपने पैतृक गांव सैफई में मौजूद रहे। शनिवार रात करीब तीन घंटे तक उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद रविवार को भी सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक देश और प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे कार्यकर्ताओं से बातचीत की।
इस दौरान अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनके व्यवहार और बोलचाल की भाषा पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की पहचान उनके अच्छे आचरण और विनम्रता से होनी चाहिए।
'वनस्पति का सेवन करके सरकार चलाना ठीक नहीं'
अखिलेश यादव ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अपनी भाषा और व्यवहार के जरिए समाजवादियों की अलग पहचान बनानी चाहिए। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एआई की मदद से वीडियो बनाकर भी जब उनका काम नहीं चल पाया तो पार्टी चाचा और आजम साहब को भी ले आई थी।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हमारा वनस्पति वाला एक वीडियो ही काफी है। अखिलेश ने कहा कि वनस्पति का सेवन करके सरकार चलाना ठीक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अगले साल समाजवादी पार्टी की जीत के साथ दिवाली मनाई जाएगी।
राम मंदिर और अयोध्या में चंदा चोरी के मुद्दे पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े चंदा चोरी के मामले को लेकर मुख्यमंत्री से सवाल किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस प्रकरण में दूध का दूध और पानी का पानी करने की बात कही थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
सपा प्रमुख ने कथित सरगना और आरोपियों को संरक्षण देने वाले लोगों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या के लोगों को दुखी करने के साथ उनका अपमान किया गया है। इसके अलावा उन्होंने किसानों की जमीन के उचित मुआवजे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उन्हें अब तक सही मुआवजा नहीं मिला है।
सरकार बनने पर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बच्चों को मिलेंगे लैपटॉप
अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके तहत नए प्राथमिक विद्यालय खोले जाएंगे और बच्चों को लैपटॉप वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने लोगों को शराब और गुटखा के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने की बात भी कही। इसके साथ ही आजम खान को न्याय दिलाने का वादा किया। भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि संविधान की सबसे अधिक अवहेलना भाजपा ने की है।
दिवाली के महत्व पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह त्योहार अंधकार को दूर करके प्रकाश फैलाने का संदेश देता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.