क्या दिसंबर में बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना? नए पासपोर्ट के लिए किया आवेदन

HIGHLIGHTS
- बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सोमवार को नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया।
- अगस्त 2024 में सत्ता से बेदखल होने के बाद से वह भारत में रह रही हैं।
- हसीना ने इसी महीने एपी को दिए इंटरव्यू में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कही थी।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सोमवार को नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है। करीब दो साल पहले विद्रोह के बाद सत्ता गंवाने के बाद से वह भारत में निर्वासन का जीवन बिता रही हैं। उनके इस आवेदन को बांग्लादेश वापसी की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है। इसी महीने एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को दिए इंटरव्यू में हसीना ने कहा था कि वह हर हाल में दिसंबर में अपने देश लौटेंगी।
उधर, बांग्लादेश की मौजूदा सरकार लगातार भारत से शेख हसीना को प्रत्यर्पित करने की मांग कर रही है। हालांकि, सरकार पहले उन दावों को खारिज कर चुकी है, जिनमें कहा गया था कि हसीना को बांग्लादेश वापस जाने के लिए नए पहचान संबंधी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी।
शेख हसीना के वकील ने पासपोर्ट और पहचान पत्र को लेकर क्या कहा?
एसोसिएटेड प्रेस (एपी) की रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना के एक वकील ने नई दिल्ली स्थित बांग्लादेशी राजनयिक मिशन को ईमेल भेजा है। इसमें शीर्ष राजनयिक से हसीना को पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी करने का आग्रह किया गया है।
हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने एपी से बातचीत में कहा, 'यह उनकी घर वापसी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। पिछले शासन ने उनके दस्तावेज रद्द कर दिए थे। अब वह एक बांग्लादेशी नागरिक के तौर पर अपने मौलिक अधिकार दोबारा हासिल करने और जरूरी दस्तावेज प्राप्त करने की उम्मीद कर रही हैं।'
अरिन ने यह भी कहा कि शेख हसीना दिसंबर तक बांग्लादेश लौटने के अपने फैसले पर कायम हैं और वह निश्चित रूप से स्वदेश वापस आएंगी। वहीं, इस पूरे मामले पर बांग्लादेश सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
प्रत्यर्पण संधि के तहत हसीना को वापस लाना चाहता है बांग्लादेश
शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश सरकार की ओर से भी लगातार मांग की जा रही है। बांग्लादेश के विदेश मामलों के मंत्री हुमायूं कबीर ने बृहस्पतिवार को कहा था कि सरकार भारत के साथ हुई प्रत्यर्पण संधि के प्रावधानों के तहत पूर्व प्रधानमंत्री को वापस लाना चाहती है।
ढाका में पत्रकारों से बातचीत के दौरान हुमायूं कबीर ने कहा, 'हम चाहते हैं कि हसीना को हमें सौंप दिया जाए। उन्हें सौंपा जाएगा। वह आतंकवादी हैं और फरार हैं। बांग्लादेश और भारत के बीच प्रत्यर्पण संधि लागू है।'
अगस्त 2024 से भारत में रह रही हैं शेख हसीना
बांग्लादेश में छात्र नेतृत्व वाले प्रदर्शनों के बाद 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। सत्ता से बेदखल होने के बाद वह भारत आ गई थीं और तब से यहीं रह रही हैं।
इस तरह करीब दो साल से भारत में निर्वासन में रह रहीं शेख हसीना का नए पासपोर्ट के लिए आवेदन करना और दिसंबर में बांग्लादेश लौटने का उनका ऐलान एक बार फिर वहां की राजनीति में चर्चा का अहम विषय बन गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.