शाहजहांपुर में कोहरे का कहर, ट्रक से भिड़ी बाइक; दो की मौत

शाहजहांपुर जिले के रोजा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सीतापुर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर चकभिटारा मोड़ के पास करीब नौ बजे ट्रक और बाइक की टक्कर में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
बताया गया कि घने कोहरे के बीच भूसी लदा एक ट्रक सीतापुर की ओर मुड़ रहा था। उसी दौरान पीछे से आ रहे एक अन्य ट्रक ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण बिगड़ने से बाइक उसकी चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के पिछले पहिए में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद ट्रक ने सड़क किनारे खड़े एक टेंपो को भी टक्कर मार दी।
इस दुर्घटना में बाइक चला रहे महावीर (45), निवासी चकभिटारा, की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ बाइक पर सवार साले हेमनाथ (30), निवासी पालीचक थाना मोहम्मदी, जिला लखीमपुर खीरी, और टेंपो चालक विनीत, निवासी रतनपुर बरनी थाना उचौलिया, गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान हेमनाथ की भी मौत हो गई। विनीत की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
तिलहर में तीन वाहनों की भिड़ंत
इधर, तिलहर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब आठ बजे घने कोहरे के कारण एक और हादसा हो गया। शाहजहांपुर से बरेली जा रही रोडवेज बस की एक ढाबे के पास ट्रक से टक्कर हो गई। इसी दौरान एक कार भी दोनों वाहनों के बीच फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह टूट गए, हालांकि सभी चालक सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बस में सवार लगभग 30 से 40 यात्रियों को दूसरी बस से उनके गंतव्य की ओर रवाना कराया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.