हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से हाहाकार, फरीदाबाद-गुरुग्राम में लोग परेशान

HIGHLIGHTS
- फरीदाबाद में बिजली की खपत 1200 मेगावाट से घटकर 600 मेगावाट रह गई।
- गुरुग्राम के दौलताबाद पुल पर बिजली बहाली की मांग को लेकर जाम लगाया गया।
- फरीदाबाद में गुरुवार शाम 4 बजे तक 5,563 शिकायतें दर्ज हुईं।
हरियाणा के फरीदाबाद और गुरुग्राम में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण दोनों शहरों के कई इलाकों में अंधेरा छाया हुआ है। बिजली के साथ-साथ पेयजल संकट भी गहराने लगा है और परेशान लोगों का गुस्सा अब सड़कों पर दिखाई दे रहा है।
फरीदाबाद के करीब 81 फीसदी इलाके में बिजली आपूर्ति प्रभावित है। सामान्य दिनों में जिले की कुल बिजली खपत लगभग 1200 मेगावाट रहती है, लेकिन बुधवार रात 10 बजे हड़ताल शुरू होने के बाद यह घटकर 600 मेगावाट रह गई। बिजली अधिकारियों के मुताबिक, कर्मचारियों की हड़ताल के चलते फॉल्ट ठीक नहीं हो सके, जिससे बिजली की खपत में कमी आई है।
गुरुग्राम में दौलताबाद पुल पर लगाया जाम
बिजली संकट से परेशान गुरुग्राम के सूरत नगर, राजेंद्रा पार्क, लक्ष्मण विहार और आसपास के इलाकों के लोगों ने दौलताबाद पुल पर जाम लगा दिया। यह पुल रेलवे रोड को द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन इलाकों में पिछली रात से बिजली नहीं थी। लोगों को पूरा दिन बिजली और पानी के बिना गुजारना पड़ा।
बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से नाराज लोगों ने जमकर नारेबाजी की और पुल के सामने बैठ गए। बिजली न होने से स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक लाइट भी बंद रहीं। इसके चलते चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति देखने को मिली।
फरीदाबाद में 13 घंटे से बिजली गुल, सड़क पर उतरे लोग
फरीदाबाद में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब सड़कों पर भी दिखाई देने लगा है। एनआईटी-2 में लगातार 13 घंटे तक बिजली नहीं आने से नाराज लोगों ने लखानी धर्मशाला के पास बिजली कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया।
प्रदर्शन के दौरान स्कूल बसें भी रोक दी गईं। करीब तीन घंटे तक मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। हालात संभालने के लिए एनआईटी-2 चौकी से पुलिसकर्मियों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे दो-तीन लोगों को हिरासत में भी लिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भीषण गर्मी और पानी की कमी के कारण उनकी परेशानियां बढ़ गई हैं।
सारण चौक पर भी लोगों ने किया प्रदर्शन
लगातार 18 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से परेशान सारण के स्थानीय लोगों ने शाम करीब 6 बजे सारण चौक पर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठकर विरोध जताया।
सूचना मिलने पर सारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारी जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग पर अड़े रहे। हालांकि, पुलिस के समझाने के बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
फरीदाबाद के इन इलाकों में बिजली संकट
बुधवार रात से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण कई क्षेत्रों में पेयजल की सप्लाई भी प्रभावित हुई है। एनआईटी क्षेत्र, जवाहर कॉलोनी, डबुआ कॉलोनी, जनता कॉलोनी, एयरफोर्स रोड, सेक्टर-56, सेक्टर-21डी, सेक्टर-46, बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी, आजाद नगर, एसी नगर और मोहना रोड स्थित आर्य नगर के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, सेक्टर-23 में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के कारण मरम्मत का काम पूरी तरह ठप पड़ा है।
अटाली और आईएसई समेत 50 से अधिक फीडर बंद
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर की बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। अटाली और आईएसई समेत 50 से अधिक फीडर ब्रेकडाउन होने से शहर के बड़े हिस्से में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।
इस संकट का असर पुलिस थानों, चौकियों और वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालयों तक पहुंच गया है। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों को भी वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ रहा है। बिजली निगम के अधिकारी भी इस समस्या से अछूते नहीं हैं।
हड़ताल में अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक के शामिल होने के कारण सब-डिवीजन, शिकायत केंद्र और सर्कल कार्यालयों में कामकाज प्रभावित है। फीडर बंद होने से शहरी, रिहायशी, औद्योगिक और कृषि क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली संकट के कारण सारण थाना से लेकर कोतवाली थाने तक आपूर्ति ठप रही।
शाम 4 बजे तक दर्ज हुईं 5,563 शिकायतें
बिजली संकट की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गुरुवार शाम 4 बजे तक बिजली निगम के पास कुल 5,563 शिकायतें दर्ज हो चुकी थीं। यह संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले पांच गुना अधिक है।
सबसे ज्यादा शिकायतें बल्लभगढ़, ओल्ड फरीदाबाद, ग्रेटर फरीदाबाद, फतेहपुर चंदीला और एनआईटी क्षेत्र से मिली हैं।
बिजली कटौती से परेशान लोगों ने बताई अपनी समस्याएं
एनआईटी-1 निवासी रोहित भाटिया ने बताया कि बुधवार रात से बिजली नहीं है। विभाग में फोन करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने कहा कि हड़ताल अपनी जगह है, लेकिन जनता को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
एनआईटी-1 की निवासी नीलम देवी के मुताबिक, पिछले 15 घंटे से बिजली कटी हुई है। मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं और घर में बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है। उन्होंने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
एनआईटी-2 निवासी दर्शन लाल ने कहा कि उन्होंने इतनी लंबी बिजली कटौती पहले कभी नहीं देखी। शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने विभाग से वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की।
एनआईटी-1 के दुकानदार मोहित नरूला ने बताया कि बिजली न होने के कारण दुकान का काम ठप हो गया है। पंखे नहीं चल पा रहे और मोबाइल चार्ज करने तक की सुविधा नहीं है। इससे पूरे दिन कारोबार में नुकसान हुआ है।
वहीं, एनआईटी-1 के दुकानदार राजू ने कहा कि बिजली गुल होने से कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। जनरेटर चलाना महंगा साबित हो रहा है। यदि तीन दिन तक ऐसी ही स्थिति रही तो बड़ा नुकसान उठाना पड़ेगा।
20 रुपये की पानी की बोतल 100 रुपये में बिक रही
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब लोगों की जेब पर भी पड़ने लगा है। बिजली आपूर्ति बंद होने से शहर के वाटर एटीएम काम नहीं कर रहे हैं, जिससे स्वच्छ पेयजल की समस्या बढ़ गई है।
पानी की कमी के चलते टैंकरों की मांग में तेजी आई है। वहीं, स्थानीय बाजारों में पानी की कालाबाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। भीषण गर्मी और पानी की किल्लत के बीच 20 लीटर पानी की जो बोतल पहले 20 रुपये में मिलती थी, उसकी कीमत अब 100 रुपये तक पहुंच गई है।
जनरेटर के सहारे सोसाइटी, 30 रुपये प्रति यूनिट देने होंगे
ग्रेटर फरीदाबाद की आरपीएस सावना सोसाइटी के आरडब्ल्यूए प्रधान आकाशदीप पटेल ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण हजारों परिवारों को परेशानी उठानी पड़ी। अब लोगों को जनरेटर पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि पहले निवासियों को बिजली के लिए 6 रुपये प्रति यूनिट चुकाने पड़ते थे, लेकिन अब जनरेटर से बिजली मिलने पर 30 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से भुगतान करना होगा।
ओनर होम्स सोसाइटी के निवासी नवीन ने बताया कि सोसाइटी में रहने वाले करीब 370 परिवार बिजली संकट से जूझ रहे हैं। बिजली नहीं होने के कारण लिफ्ट भी बंद हो गई हैं।
इसके अलावा सेक्टर-3, सेक्टर-8 और एनआईटी के विभिन्न इलाकों के साथ अमोलिक हाइट्स और रॉयल हेरिटेज सोसाइटी में रहने वाले लोग भी बिजली कटौती से परेशान हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.