राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर अमित शाह का पलटवार, बोले- घुसपैठियों के वोट बचाना चाहते हैं

HIGHLIGHTS
- दिल्ली जल बोर्ड की 43 परियोजनाओं के जरिए गंदे पानी के शोधन और पेयजल व्यवस्था पर काम किया जाएगा।
- अमित शाह ने यमुना की सफाई के लिए भाजपा सरकार के तीन साल के एक्शन प्लान का जिक्र किया।
- गृह मंत्री ने दिल्ली के हर घर को सीवरेज कनेक्शन देने और स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की बात कही।
दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए विपक्ष की आलोचना की। इस दौरान उन्होंने यमुना नदी के पुनरुद्धार से जुड़ी दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की 43 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं पर कुल 8,941 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक महीने के भीतर ही बैठक बुलाकर यमुना को स्वच्छ बनाने का संकल्प दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय के सामने रखा था।
शाह ने कहा, “मैं आज दिल्ली की जनता को कहने आया हूं कि दिल्ली की सरकार बनते ही हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ही महीने में एक बड़ी बैठक बुलाकर यमुना जी को शुद्ध करने की उनकी संकल्पना दिल्ली सरकार और गृह मंत्रालय के सामने रखी थी। मुझे खुशी है कि इतने कम समय में हमने 40 प्रतिशत से ज्यादा मजल काटने का काम कर लिया है। आज ये 9 हजार करोड़ की योजना में गंदे पानी को शुद्ध करने और कई प्रकार के पीने के पानी की योजना का आज लोकार्पण और भूमिपूजन भी हो रहा है।”
इसके बाद गृह मंत्री ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाकर घुसपैठियों के वोट बचाने की कोशिश कर रहा है।
शाह ने कहा, “दिल्ली में एक अलग खेल चल रहा है। लगातार भाजपा की सरकारें चुनकर आ रही हैं। उनको पेट में दर्द है इसलिए इन्होंने वोट चोरी का बहाना बनाया है। वो कहते हैं कि भाजपा वोट चोरी करती है। राहुल गांधी आपको और आपके साथियों को पूरा देश समझ रहा है और समझ भी गया है। वोट चोरी करके आप घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हो।”
उन्होंने आगे कहा, “मगर आज इस मंच से मैं कांग्रेस पार्टी और उनके साथियों को कहना चाहता हूं कि कभी ईवीएम का बहाना लगाते हो तो कभी वोट चोरी का बहाना, मगर मैं आपको बताता हूं कि भाजपा की केंद्र में मोदी सरकार बनने से पहले आप कभी भी कई राज्यों में चुनकर नहीं आए।”
केजरीवाल पर यमुना में डुबकी लगाने के वादे को लेकर निशाना
अमित शाह ने आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने यमुना में डुबकी लगाने के उनके वादे को लेकर तंज कसते हुए कहा कि केजरीवाल ने तीन बार ऐसा करने का वादा किया, लेकिन इसे पूरा नहीं किया।
शाह ने कहा, “केजरीवाल जी आपने 3 बार यमुना में डुबकी लगाने का झूठा वादा किया। आपने तो डुबकी नहीं लगाई, लेकिन आपके कटआउट को डुबकी लगवाई तो वो भी बीमार हो गया और एम्स में भर्ती करना पड़ा। यमुना के शुद्धिकरण के लिए आपने कुछ काम नहीं किया... विश्व स्तरीय काम भाजपा की सरकार ने किया है और 3 साल का एक एक्शन प्लान हमने बनाया है।”
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली के हर घर को सीवरेज कनेक्शन देने और प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का काम करेगी।
आप सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए
गृह मंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल बहाने बनाकर राजनीति करते हैं। उन्होंने पिछली आप और कांग्रेस सरकारों का जिक्र करते हुए कहा कि वे मदद नहीं मिलने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारियों से बचती थीं।
शाह ने कहा, “कुछ राजनीतिक पार्टियां होती हैं जो बहाने की राजनीति करती हैं। इससे पहले आप पार्टी की सरकार थी, कांग्रेस की सरकार थी। वो बहाने बनाते थे कि हमें यह मदद नहीं मिली, वह मदद नहीं मिली। केजरीवाल जी मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है, मगर मैं जवाब तब दूंगा जब पंजाब में भी आप सरकार को हम उखाड़कर फेंक देंगे।”
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर आंदोलन के नाम पर सत्ता हासिल करने और भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। साथ ही, कूड़े के पहाड़ों को लेकर भी आप पर राजनीति करने का आरोप लगाया।
शाह ने कहा कि भाजपा ने कूड़े के पहाड़ों को कम करने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि दो साल बाद वहां लोगों को बगीचा दिखाई देगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.