'आस्था की आड़ में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं', शिव चौक मामले पर कपिलदेव अग्रवाल का बयान

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर शिव चौक मामले में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों से अभद्रता और पत्रकारों से मारपीट की घटना की निंदा की।
- उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और अनुशासन का पर्व है, इसकी आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
- राज्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
मुजफ्फरनगर। शिव चौक पर पुलिसकर्मियों के साथ कथित अभद्रता, धमकी और पत्रकारों से मारपीट के मामले को लेकर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने घटना की कड़ी आलोचना करते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार शाम जारी बयान में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि शिव चौक जैसे महत्वपूर्ण स्थान पर पुलिसकर्मियों को धमकाना, उनके साथ दुर्व्यवहार करना और मीडिया कर्मियों के साथ मारपीट करना बेहद गंभीर और निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था रखने वाला कोई भी व्यक्ति इस तरह का व्यवहार नहीं कर सकता। उनके अनुसार, कांवड़ यात्रा श्रद्धा, संयम और सेवा का प्रतीक है, ऐसे में यात्रा की आड़ में अनुशासन तोड़ने या माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई जरूरी है।
राज्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कांवड़ यात्रा के दौरान शांति और व्यवस्था बनी रहे।
गौरतलब है कि शिव चौक की घटना को लेकर इससे पहले हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार भी आपत्ति जता चुके हैं। उन्होंने भी कहा था कि धार्मिक यात्रा के नाम पर किसी भी तरह की अनुशासनहीनता या दबाव बनाने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.