देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद पहुंची, 17 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
By Hitesh — July 14, 2026

HIGHLIGHTS
- जींद में हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर रेलवे और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं, एसपीजी टीम ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
- शकूरबस्ती से परीक्षण के बाद हाइड्रोजन ट्रेन जींद रेलवे जंक्शन पहुंच गई है, जहां इसे उद्घाटन से पहले सजाया जाएगा।
- 17 जुलाई के कार्यक्रम को देखते हुए स्टेशन, रैली स्थल, यातायात और सुरक्षा इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
Author: — Dainik Dehat
जींद। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जींद रेलवे जंक्शन पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मंगलवार को एसपीजी टीम के साथ दिल्ली मंडल के अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) संजीव कुमार सिन्हा ने स्टेशन पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
एडीआरएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित 17 जुलाई के कार्यक्रम को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। स्टेशन परिसर की सफाई, यात्रियों की सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, प्लेटफार्म प्रबंधन, पार्किंग, प्रवेश और निकासी मार्ग समेत वीआईपी मूवमेंट से जुड़े इंतजामों को प्राथमिकता देने को कहा गया।
जींद पहुंची हाइड्रोजन ट्रेन
उद्घाटन से करीब 10 दिन पहले हाइड्रोजन ट्रेन मंगलवार को शकूरबस्ती से परीक्षण के बाद जींद जंक्शन पहुंची। ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची, जहां उसे उद्घाटन कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से सजाया जाएगा।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रूट को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हैं। टीमों ने रूट में आने वाले मकानों का सत्यापन किया और वहां रहने वाले लोगों व नए किरायेदारों की जानकारी जुटाई।
कई रूटों पर हो चुका है ट्रायल
हाइड्रोजन ट्रेन का अलग-अलग रेल मार्गों पर परीक्षण किया जा चुका है। जींद-सोनीपत रूट पर ट्रेन की अधिकतम गति 75 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है, जबकि यह ट्रेन तकनीकी रूप से इससे कहीं अधिक रफ्तार से चलने में सक्षम है।
ट्रेन का हाई स्पीड ट्रायल जींद-रोहतक, जींद-किलाजफरगढ़, सोनीपत-दिल्ली, जींद-खरैंटी, बहादुरगढ़ और शकूरबस्ती समेत कई रेल मार्गों पर किया गया है।
डिप्टी स्पीकर ने किया ट्रेन का निरीक्षण
हाइड्रोजन ट्रेन के जींद पहुंचने की जानकारी मिलने पर विधानसभा डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा भी रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने ट्रेन के इंजन का निरीक्षण किया और लोको पायलट से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ट्रेन के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
रैली और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने भी मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को रैली में आने वाले लोगों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था, पंखे-कूलर और पार्किंग जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। 17 जुलाई को सुबह आठ बजे के बाद पुलिस लाइन से रेलवे स्टेशन तक करीब आठ किलोमीटर क्षेत्र में यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा। इस दौरान सड़क को नो-एंट्री जोन में रखा जाएगा।
रेलवे स्टेशन को आकर्षक रूप देने के लिए विशेष पौधे और घास भी मंगाई गई है। वहीं, पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव ने हाइड्रोजन ट्रेन को आत्मनिर्भर भारत और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम बताया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.