JPSC-JSSC आंदोलन को जयराम महतो का समर्थन, 9 अगस्त को करेंगे निर्जला अनशन

HIGHLIGHTS
- छात्र कई दिनों से रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरने पर हैं।
- जयराम महतो 9 अगस्त सुबह 6 बजे से अनशन शुरू करेंगे।
- सरकार ने छात्रों के साथ छठे और अंतिम दौर की वार्ता तय की है।
झारखंड में कथित परीक्षा अनियमितताओं और JPSC-JSSC में सुधार की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है। राजधानी रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में कई दिनों से छात्र धरने और भूख हड़ताल पर बैठे हैं। अब इस आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिल रहा है। स्थानीय विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के प्रमुख जयराम महतो ने छात्रों के समर्थन में 9 अगस्त को एक दिन का निर्जला अनशन करने की घोषणा की है। वहीं, सरकार ने आंदोलनकारी छात्रों के साथ छठे और अंतिम दौर की बातचीत करने का निर्णय लिया है।
9 अगस्त को निर्जला अनशन करेंगे जयराम महतो
छात्रों के आंदोलन के समर्थन में विधायक जयराम महतो ने कहा है कि वह 9 अगस्त की सुबह 6 बजे से पुराने विधानसभा परिसर में निर्जला अनशन पर बैठेंगे। आजतक से फोन पर बातचीत में उन्होंने बताया कि छात्रों के समर्थन में वह एक दिन का निर्जला उपवास करेंगे, जिसकी शुरुआत शनिवार सुबह से होगी।
जयराम महतो ने यह भी कहा कि विधानसभा का सत्र 12 अगस्त को समाप्त होने के बाद वह पूरी ताकत के साथ छात्रों के समर्थन में आंदोलन करेंगे। उनके इस ऐलान के बाद छात्र आंदोलन को और राजनीतिक समर्थन मिलने की संभावना बढ़ गई है।
रविवार को होगी सरकार और छात्रों के बीच अंतिम वार्ता
झारखंड सरकार ने प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ छठे और अंतिम दौर की बातचीत करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ सरकार की वार्ता समिति की करीब चार घंटे तक बैठक हुई। इसमें छात्रों के साथ पहले हुई पांच दौर की बातचीत की प्रगति और उनकी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को जानकारी दी गई।
वार्ता समिति की सदस्य और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पीटीआई को बताया कि मुख्यमंत्री को छात्र संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ हुई बैठकों में सामने आई मांगों और विचारों से अवगत कराया गया। बैठक में तय किया गया कि छात्रों के साथ अंतिम दौर की वार्ता रविवार दोपहर करीब 12 बजे होगी।
JPSC और JSSC में व्यापक सुधार की मांग
सरकार की वार्ता समिति के एक अन्य सदस्य और मंत्री संजय प्रसाद यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री आवास पर हुई बैठक में आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ आगे बातचीत करने का निर्णय लिया गया। छात्र झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) में व्यापक सुधार की मांग कर रहे हैं।
बैठक में दीपिका पांडेय सिंह और संजय प्रसाद यादव के अलावा मंत्री चमरा लिंडा और सुदिव्य कुमार भी मौजूद रहे।
स्वतंत्र जांच की मांग पर कायम छात्र
नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग कथित परीक्षा अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच कराना है। प्रदर्शनकारी इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) या राज्य से बाहर के सेवानिवृत्त हाईकोर्ट न्यायाधीशों की समिति से कराने की मांग कर रहे हैं।
सरकार की ओर से शुक्रवार रात से अब तक प्रदर्शनकारी छात्र संगठनों के साथ पांच दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन गतिरोध समाप्त नहीं हुआ है। आंदोलनरत अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
देवेंद्र नाथ महतो के गुट समेत कई संगठनों से हुई बातचीत
सरकार की वार्ता समिति ने सबसे पहले झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व वाले प्रदर्शनकारी गुट से बातचीत की। परीक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर देवेंद्र नाथ महतो का अनशन सातवें दिन में पहुंच गया है।
इसके बाद समिति ने कांग्रेस समर्थित एनएसयूआई, एसीएस और जेसीएम के प्रतिनिधिमंडलों के साथ अलग-अलग बातचीत की। इससे पहले शुक्रवार रात सरकार ने JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच के प्रतिनिधिमंडल के साथ भी वार्ता की थी।
परीक्षा में कथित अनियमितताओं के मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगते से 28 जुलाई से अब तक चार बार पूछताछ की जा चुकी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.