मंगलौर में कार की टक्कर से कांवड़ खंडित, गुस्साए शिवभक्तों ने वाहन में की तोड़फोड़

HIGHLIGHTS
- मंगलौर में कार की टक्कर से कांवड़ खंडित होने पर यात्रियों में आक्रोश फैल गया।
- गुस्साए कांवड़ियों ने कार में तोड़फोड़ की, मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली।
- पुलिस ने चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और कांवड़ यात्रियों को शांत कराया।
हरिद्वार। मंगलौर में अब्दुल कलाम चौक के पास हरिद्वार की ओर से आ रही एक कार की साइड लगने से कांवड़ खंडित हो गई। घटना के बाद नाराज कांवड़ यात्रियों ने कार में जमकर तोड़फोड़ कर दी। कुछ कांवड़ यात्री कार की छत पर भी चढ़ गए और जमकर हंगामा किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह कार चालक को सुरक्षित बचाया। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बना रहा।
यह है पूरा मामला
शनिवार देर शाम करीब 8:30 बजे एक कार हरिद्वार से दिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही कार मंगलौर में अब्दुल कलाम चौक के पास फ्लाईओवर से आगे पहुंची, तभी सड़क से गुजर रहे कांवड़ यात्रियों को कार की साइड लग गई। इससे कुछ कांवड़ यात्रियों का गंगाजल खंडित हो गया।
घटना से गुस्साए कांवड़ यात्रियों ने लाठी-डंडों से कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। कुछ कांवड़ यात्री कार की छत पर चढ़ गए और वाहन पर डंडे बरसाने लगे। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस को जानकारी दी गई।
सूचना मिलने पर मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार चालक को किसी तरह भीड़ से बाहर निकाला और उसे कोतवाली ले गई। इसके बाद पुलिस ने कांवड़ यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस की ओर से कांवड़ यात्रियों के लिए गंगाजल की व्यवस्था की जा रही है। इसके बाद उन्हें आगे के लिए रवाना किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.