आजम खान पर ED की जांच तेज, रामपुर पुलिस ने भेजे 84 मुकदमों के दस्तावेज

HIGHLIGHTS
- ईडी ने आजम खां से जुड़े पुराने मामलों की जांच के लिए रामपुर पुलिस से दस्तावेज मांगे थे।
- पुलिस ने 84 मुकदमों की एफआईआर, चार्जशीट और केस की वर्तमान स्थिति की सत्यापित प्रतियां भेजीं।
- जौहर यूनिवर्सिटी और अन्य मामलों को लेकर ईडी पहले से जांच कर रही है।
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां के खिलाफ दर्ज 84 मामलों से जुड़े दस्तावेज रामपुर पुलिस ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को भेज दिए हैं। ईडी ने आजम खां के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर की फोटो कॉपी, चार्जशीट और मुकदमों की वर्तमान स्थिति की सत्यापित प्रतियां मांगी थीं।
माना जा रहा है कि इन दस्तावेजों की मांग साल 2019 में आजम खां के खिलाफ ईडी द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर की गई है।
जौहर यूनिवर्सिटी मामले की भी जांच
सूत्रों के मुताबिक, जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण के दौरान सरकारी जमीन और शत्रु संपत्ति पर कब्जे जैसे आरोपों को लेकर केंद्र सरकार से शिकायत की गई थी। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी निर्माण में हुए कुल खर्च को लेकर भी सवाल उठाए गए थे।
निर्माण कार्य में बाहरी लोगों के आर्थिक सहयोग के नाम पर काले धन के इस्तेमाल के आरोप भी सामने आए थे। इसके बाद आयकर विभाग सक्रिय हुआ था, वहीं ईडी ने साल 2019 में इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी।
इसके अलावा आजम खां के जल निगम का अध्यक्ष रहते हुए निगम में भर्ती घोटाले का मामला सामने आने के बाद साल 2022 में लखनऊ में भी रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
ईडी ने मांगी थी मुकदमों की जानकारी
इन दोनों एफआईआर के आधार पर जांच कर रही ईडी ने रामपुर पुलिस से आजम खां के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमों, चार्जशीट और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी थी।
इसी क्रम में रामपुर पुलिस ने आजम खां के खिलाफ दर्ज 84 मामलों की एफआईआर और चार्जशीट की प्रतियां ईडी को भेज दी हैं। इसकी पुष्टि एएसपी अनुराग सिंह ने की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.