इमरान खान के समर्थन में उतरे कपिल देव, बोले- हर कैदी के साथ हो मानवीय व्यवहार

HIGHLIGHTS
- कपिल देव ने इमरान खान के लिए बेहतर इलाज की अपील की
- 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने शहबाज शरीफ को लिखा पत्र
- इमरान के साथ मानवीय व्यवहार की मांग
भारत के महान क्रिकेटर कपिल देव ने पाकिस्तान की जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और विश्व कप विजेता कप्तान इमरान खान के साथ मानवीय व्यवहार किए जाने की अपील की है। इससे पहले रविवार को कपिल देव समेत 22 पूर्व अंतरराष्ट्रीय कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पिछले छह महीने में दूसरी बार पत्र लिखकर इमरान के उचित इलाज और स्वास्थ्य सुविधाओं का ध्यान रखने की अपील की थी।
इमरान के स्वास्थ्य को लेकर जताई चिंता
इस साल फरवरी में सुनील गावस्कर समेत 14 पूर्व कप्तानों ने अदियाला जेल में इमरान खान के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई थी। इमरान पर जेल में उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने और चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं।
पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव ने डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के लॉन्च के मौके पर कहा कि उन्हें पाकिस्तान के कानून की जानकारी नहीं है, लेकिन हर कैदी के साथ विनम्रता और मानवीय व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कैदियों को बुनियादी सुविधाएं मिलनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो। इमरान पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दुनिया के शीर्ष क्रिकेटरों में से एक रहे हैं। कपिल ने कहा कि वह चाहते हैं कि इमरान को बेहतर से बेहतर इलाज मिले। उन्होंने कहा कि उनकी मांग केवल इतनी है कि इमरान को उचित चिकित्सा सुविधा मिले।
कपिल बोले- अपने दोस्त का समर्थन करना चाहता हूं
पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम और वकार यूनिस को छोड़कर किसी अन्य बड़े पाकिस्तानी क्रिकेटर ने सार्वजनिक तौर पर इमरान खान के समर्थन में आकर उनके लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की मांग नहीं की है।
इस बारे में पूछे जाने पर कपिल देव ने कहा कि वह पाकिस्तान के क्रिकेटरों को दोष नहीं देना चाहेंगे, क्योंकि वे अपने देश में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे बाहर से स्थिति को देख रहे हैं और वह अपने उस दोस्त का समर्थन करना चाहते हैं, जिसके साथ उन्होंने क्रिकेट खेला और जिसकी क्रिकेट प्रतिभा की हमेशा सराहना की।
इमरान के समर्थन में लिखे गए पत्र पर ग्रेग चैपल, इयान चैपल, एलन बॉर्डर, सुनील गावस्कर, डेविड गॉवर, क्लाइव लॉयड, अर्जुन रणतुंगा, स्टीव वॉ और जॉन राइट समेत कई पूर्व कप्तानों ने हस्ताक्षर किए हैं। इमरान खान 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे। पद से हटने के बाद भ्रष्टाचार और अन्य मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद से वह जेल में हैं।
यशस्वी-फर्नांडो की नोकझोंक पर भी बोले कपिल
कपिल देव ने भारतीय सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच हुई तीखी नोकझोंक पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खेल में ऐसी घटनाएं होती रहती हैं। यह जायसवाल के खेलने का तरीका है और हर खिलाड़ी का अपना व्यक्तित्व होता है।
कपिल ने कहा कि अगर यशस्वी इसी तरह खेलना चाहते हैं तो उन्हें शुभकामनाएं, लेकिन क्रिकेट बोर्ड को यह तय करना होगा कि सीमा कहां खींचनी है और खिलाड़ियों को उस सीमा को पार नहीं करना चाहिए।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.