सोने-चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल, जानें एक दिन में कितने बढ़े दाम

HIGHLIGHTS
- 24 कैरेट सोना ₹1,57,080 प्रति 10 ग्राम पहुंचा
- चांदी का भाव ₹2,37,766 प्रति किलो हुआ
- एक महीने में चांदी ₹22,292 महंगी हुई
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले सोने और चांदी की कीमतों में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। पिछले 18 दिनों में सोना 14,789 रुपये और चांदी 20,479 रुपये महंगी हो चुकी है। वहीं गुरुवार, 20 अगस्त को सिर्फ 24 घंटे में 24 कैरेट सोने की कीमत 4,196 रुपये बढ़ गई। चांदी के दाम में भी 10,374 रुपये की तेजी दर्ज की गई।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सोना और चांदी खरीदने का यह सही समय है? क्या दोनों की कीमतों में आगे भी तेजी जारी रहेगी और यह बढ़ोतरी कितने समय तक बनी रह सकती है? इससे पहले जानते हैं कि सोने-चांदी के ताजा भाव क्या हैं और अलग-अलग शहरों में इनके दाम कहां पहुंच गए हैं।
24, 22 और 18 कैरेट सोने के ताजा भाव
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, 24 कैरेट सोने की कीमत 4,196 रुपये बढ़कर 1,57,080 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। इससे पहले इसकी कीमत 1,52,884 रुपये थी।
वहीं 22 कैरेट सोने का भाव 1,43,885 रुपये और 18 कैरेट सोने की कीमत 1,17,810 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई। 22 कैरेट सोने में 3,843 रुपये और 18 कैरेट सोने में 3,147 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
चांदी के दाम भी तेजी से बढ़े
IBJA के अनुसार, गुरुवार को चांदी की कीमत 10,374 रुपये बढ़कर 2,37,766 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गई। पिछले दिन चांदी का भाव 2,27,392 रुपये प्रति किलोग्राम था।
अगर एक महीने की बात करें तो 17 जुलाई से अब तक चांदी की कीमत में 22,292 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।
सोने-चांदी के भाव में तेजी की वजह
कोटक सिक्योरिटीज की एवीपी (कमोडिटी रिसर्च) कायनात चैनवाला के अनुसार, बुधवार को सोने और चांदी में जोरदार तेजी देखने को मिली। सोने की कीमत 4 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 4,515 डॉलर प्रति औंस के ऊपर बंद हुई और गुरुवार को यह करीब 4,540 डॉलर के स्तर पर पहुंच गई।
वहीं चांदी में 5.5 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई और इसकी कीमत करीब 67 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुई, जो गुरुवार को स्थिर रही।
डॉलर इंडेक्स गिरकर 98.8 पर आ गया, जो जून के मध्य के बाद का सबसे निचला स्तर है। इससे कीमती धातुओं को और समर्थन मिला। कम यील्ड और कमजोर डॉलर से स्थिति सकारात्मक बनी हुई है। हालांकि, FOMC की सख्त रुख वाली बैठक के ब्योरे से आउटलुक कुछ मुश्किल हुआ है।
कई अधिकारी महंगाई के ऊंचे स्तर पर बने रहने की स्थिति में और सख्त कदम उठाने के पक्ष में हैं। ऐसे में अगर यील्ड या डॉलर में दोबारा तेजी आती है तो कीमतों की बढ़त सीमित हो सकती है। अब बाजार की नजर अमेरिका के नए आर्थिक संकेतकों, यूएस जॉबलेस क्लेम्स और फिलाडेल्फिया फेड मैन्युफैक्चरिंग इंडेक्स पर रहेगी।
भारत में रक्षाबंधन के साथ त्योहारी सीजन शुरू हो रहा है। इसके बाद शादी का सीजन भी शुरू होगा। ऐसे में देश में सोने और चांदी की मांग बढ़ने की संभावना है, जो दिसंबर तक जारी रह सकती है।
अलग-अलग शहरों में सोने-चांदी के ताजा भाव
| शहर | सोना/10 ग्राम (24K) | सोना/10 ग्राम (22K) | सोना/10 ग्राम (18K) | चांदी प्रति किलो |
|---|---|---|---|---|
| नई दिल्ली | ₹157,570 | ₹144,439 | ₹118,178 | ₹238,960 |
| मुंबई | ₹157,840 | ₹144,687 | ₹118,380 | ₹239,370 |
| पटना | ₹157,800 | ₹144,650 | ₹118,350 | ₹239,360 |
| जयपुर | ₹157,860 | ₹144,705 | ₹118,395 | ₹239,460 |
| कानपुर | ₹157,930 | ₹144,769 | ₹118,448 | ₹239,550 |
| लखनऊ | ₹157,930 | ₹144,769 | ₹118,448 | ₹239,550 |
| भोपाल | ₹158,050 | ₹144,879 | ₹118,538 | ₹239,750 |
| इंदौर | ₹158,050 | ₹144,879 | ₹118,538 | ₹239,750 |
| चंडीगढ़ | ₹157,820 | ₹144,668 | ₹118,365 | ₹239,850 |
| रायपुर | ₹157,760 | ₹144,613 | ₹118,320 | ₹239,750 |
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.