ढंडेरा में शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार
By Hitesh — August 22, 2026
HIGHLIGHTS
अमन कैंटीन बंद कर घर लौट रहे थे
रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे थे दोनों हमलावर
गोली लगने के बाद अमन सड़क पर गिर पड़े
साझा करें
Author: — Dainik Dehat
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में बाइक सवार दो बदमाशों ने शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, आक्रोशित लोगों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर हंगामा करते हुए घेराव किया।
जानकारी के मुताबिक, ढंडेरा निवासी अमन शराब की कैंटीन चलाते थे। शुक्रवार देर रात कैंटीन बंद करने के बाद वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अमन को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, रंजिश की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश में इलाके में कांबिंग भी की गई, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हत्या की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है, लेकिन प्रथम दृष्टया इसे पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.