लखनऊ: यूट्यूब से ताला तोड़ना सीखा, पूर्व सिक्योरिटी गार्ड ने जैन मंदिर में की चोरी

HIGHLIGHTS
- आरोपी संजय शुक्ला सीतापुर का रहने वाला है
- पुलिस ने उसे विभूतिखंड में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सामने पकड़ा
- मंदिर से चांदी के पांच पंचमेरू और पांच सिंहासन चोरी हुए
लखनऊ: यूट्यूब से ताला तोड़ने का तरीका सीखने के बाद बाजारखाला स्थित जैन मंदिर चैत्यालय के पूर्व सिक्योरिटी गार्ड ने वहां चोरी की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने मंदिर से भगवान अनंतनाथ की अष्टधातु प्रतिमा समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। बाजारखाला पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बाद सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए सामान की कीमत करीब 15 लाख रुपये है।
इंस्पेक्टर बाजारखाला ब्रजेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सीतापुर के महौली जहांसापुर निवासी संजय शुक्ला है। पुलिस ने उसे विभूतिखंड में इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सामने से पकड़ा। आरोपी ने 20 अगस्त की रात मंदिर से भगवान की प्रतिमा, चांदी के पांच पंचमेरू, पांच सिंहासन और नकदी चोरी की थी। अगले दिन पुलिस ने उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
छह महीने पहले नौकरी से निकाला गया था
इंस्पेक्टर के मुताबिक, संजय गुलजार नगर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। वह मंदिर की सुरक्षा और देखभाल भी करता था। इसी वजह से उसे मंदिर में आने वाले चढ़ावे और अन्य कीमती सामान की जानकारी थी।
करीब छह महीने पहले चोरी करने के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी हो चुकी है।
पेट्रोल डालकर ताला जलाने की कोशिश की
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यूट्यूब से ताला खोलने का तरीका सीखा था। 20 अगस्त की रात वह पेट्रोल, सिरिंज और प्लास लेकर मंदिर पहुंचा था। उसने सिरिंज की मदद से ताले में पेट्रोल डाला और माचिस से आग लगाकर उसे खोलने की कोशिश की।
जब ताला नहीं खुला तो उसने प्लास की मदद से उसे तोड़ दिया और इसके बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.