मुजफ्फरनगर में प्रेमिका के पति की हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- आरोपी पर चापड़ से हमला करने का आरोप
- सीसीटीवी कैमरे में वारदात कैद हुई थी
- घायल तालिब की मेरठ में इलाज के दौरान मौत
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना क्षेत्र में शनिवार को प्रेमिका के पति तालिब की हत्या के आरोपी हाशिम को पुलिस ने रविवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब सात बजे तालिब अपनी पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था। तालिब मेरठ का रहने वाला था और सूरत में नौकरी करता था। वह अपनी पत्नी को भी अपने साथ ले जाने की तैयारी में था। बताया गया कि पत्नी ने इसकी जानकारी अपने प्रेमी हाशिम को दे दी थी। इसी बात से नाराज होकर हाशिम ने तालिब पर चापड़ से हमला कर दिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में युवक पर हमले की घटना कैद हो गई थी।
हमले में गंभीर रूप से घायल तालिब को उसकी पत्नी और आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
पुलिस को हाशिम के इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने मौके से तमंचा और कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
सीओ ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी
मुठभेड़ की जानकारी मिलने पर सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई थाना प्रभारी सुभाष अत्रि और कस्बा चौकी प्रभारी ललित कसाना के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की। अधिकारियों ने पुलिस टीम से मुठभेड़ और बरामदगी के बारे में जानकारी ली और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की जांच
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग का मामला सामने आया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या में इस्तेमाल हथियार, वारदात की पूरी वजह और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.