मुंबई मार्च से पहले मनोज जरांगे का बड़ा आरोप, बोले- मुझे मारने की रची जा रही साजिश

HIGHLIGHTS
- जरांगे ने सरकार को समाधान के लिए आठ दिन का समय बताया।
- उन्होंने कुछ मंत्रियों को राजनीतिक चुनौती देने की चेतावनी दी।
- 15 सितंबर को समर्थकों के साथ मुंबई रवाना होने का ऐलान किया
जालना। मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई में प्रस्तावित शांतिपूर्ण मार्च से पहले आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल ने बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें जान से मारने और मार्च के दौरान परेशानी खड़ी करने की साजिश रची जा रही है। जरांगे ने स्पष्ट कहा कि वह किसी भी दबाव के आगे नहीं झुकेंगे।
महाराष्ट्र के जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में अनशन के 16वें दिन प्रदर्शन स्थल पर समर्थकों और मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए जरांगे ने कहा कि सत्तारूढ़ दलों से जुड़े लोगों को मार्च में भेजकर अव्यवस्था पैदा करने की कोशिश हो सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें निशाना बनाया जा सकता है। जरांगे ने कहा कि वह मौत स्वीकार कर लेंगे, लेकिन झुकेंगे नहीं।
सत्ता में बैठे लोगों पर लगाए साजिश के आरोप
जरांगे ने कहा कि प्रस्तावित मुंबई मार्च से पहले सरकार के पास इस मुद्दे का समाधान निकालने के लिए अभी आठ दिन का समय है। उन्होंने चेतावनी दी कि उनके समर्थक कुछ मंत्रियों को राजनीतिक रूप से चुनौती दे सकते हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए जरांगे ने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग उनके खिलाफ साजिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित मार्च के दौरान मुंबई में परेशानी पैदा करने की योजना बनाई जा रही है।
जरांगे ने शनिवार को घोषणा की थी कि वह अपने समर्थकों के साथ 15 सितंबर को मुंबई के लिए रवाना होंगे। इसके बाद 19 सितंबर से राज्य की राजधानी के आजाद मैदान में मराठा समुदाय को नौकरियों और शिक्षा में आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की बात कही थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.