असम में ऑयल इंडिया के टैंक फार्म में भीषण विस्फोट, एक की मौत और 6 घायल

HIGHLIGHTS
- असम के डिब्रूगढ़ जिले के तेंगाखत में ऑयल इंडिया के टैंक फार्म में हादसा हुआ।
- शुक्रवार सुबह तकनीकी काम के दौरान आग लगने के साथ विस्फोट हुआ।
- शुरुआती जानकारी के अनुसार, कच्चे तेल के स्टोरेज सेक्शन में वाल्व ऑपरेट करते समय धमाका हुआ।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना तकनीकी काम के दौरान हुई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, कच्चे तेल के स्टोरेज सेक्शन में एक वाल्व को ऑपरेट करते समय विस्फोट हुआ।
तकनीकी काम के दौरान हुआ हादसा
इस घटना को लेकर स्पेक्ट्रॉन इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड के एरिया मैनेजर कमल फुकन ने पहले बताया था कि तकनीकी कार्य के दौरान आग लगने से करीब पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (AMCH) पहुंचाया गया है। उस समय उन्होंने किसी की मौत की जानकारी होने से इनकार किया था।
बाद में जारी बयान में फुकन ने बताया कि हादसा मशीनों के नियमित रखरखाव के दौरान हुआ। इन मशीनों की सर्विसिंग हर महीने या तीन महीने में की जाती है।
उन्होंने कहा कि उस दिन भी नियमित तकनीकी कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई। पांच घायलों को असम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति को ऑयल इंडिया अस्पताल ले जाया गया। वहीं, एक कर्मचारी अब भी लापता है, जिसकी तलाश के लिए विशेष टीम जुटी हुई है।
घायल कर्मचारियों की हुई पहचान
हादसे में घायल कर्मचारियों की पहचान मिलन नगर, डिब्रूगढ़ निवासी तापस गोगोई (40) और तेंगाखत निवासी शैलेन गोगोई (45), कुमुद गोगोई (38), गोलाप दत्ता (58) तथा इंद्र गोगोई (40) के रूप में हुई है।
पांच घायलों का इलाज असम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में चल रहा है, जबकि एक अन्य घायल को उपचार के लिए ऑयल इंडिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्फोट के बाद एक कर्मचारी लापता
धमाके के बाद से एक कर्मचारी का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कर्मचारी दूर जा गिरा। उसकी तलाश के लिए विशेष टीम लगातार प्रयास कर रही है।
बताया जा रहा है कि हादसे में घायल कर्मचारी मुंबई की स्पेक्ट्रॉन इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़े हैं। ऑयल इंडिया लिमिटेड ने इस कंपनी को संबंधित स्थान पर तकनीकी कार्य के लिए नियुक्त किया था।
फिलहाल आग और विस्फोट के वास्तविक कारणों के साथ ही हादसे से प्रभावित लोगों की कुल संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.