यमुनोत्री हाईवे पर भारी भूस्खलन, स्याना चट्टी में मची अफरातफरी

HIGHLIGHTS
- स्याना चट्टी के पास अचानक पहाड़ी दरकने से भारी भूस्खलन हुआ।
- मलबा रिहायशी इलाके तक पहुंचा, लोग घरों और होटलों से बाहर निकले।
- प्रशासन ने लोगों को भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी।
उत्तराखंड के बड़कोट क्षेत्र में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा होने से बच गया। स्याना चट्टी के ठीक पीछे अचानक पहाड़ी का हिस्सा टूटने से भारी भूस्खलन हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। पहाड़ी से गिरे बड़े-बड़े पत्थर और भारी मात्रा में मलबा तेजी से नीचे की ओर खिसकते हुए स्याना चट्टी के रिहायशी इलाके तक पहुंच गया।
मलबा आता देख घरों से बाहर भागे लोग
अचानक हुए भूस्खलन की तेज आवाज और तेजी से नीचे आते मलबे को देखकर स्थानीय लोगों और वहां ठहरे यात्रियों में डर फैल गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए तुरंत घरों और होटलों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए।
राहत की बात यह रही कि इस दौरान कई होटल और वहां खड़े वाहन मलबे की चपेट में आने से बच गए। अगर मलबा इनकी चपेट में आता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासन ने संभाली स्थिति, हाईवे पर असर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भूस्खलन की चपेट में कुछ मकानों के आने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद यमुनोत्री हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ है।
स्थानीय प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों को पहाड़ी ढलानों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.