मेरठ: गौशाला में करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

HIGHLIGHTS
- अंकज प्रजापति गौशाला में साफ-सफाई और हरा चारा काटने का काम करते थे।
- आठ अगस्त को मशीन से चारा काटते समय हादसा हुआ।
- जेनरेटर के तारों से जमीन पर जमा पानी में करंट उतर गया था।
मेरठ: परतापुर थाना क्षेत्र के बराल गांव स्थित कान्हा उपवन गौशाला में हरा चारा काटते समय करंट की चपेट में आने से अंकज (32) की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने अस्पताल में हंगामा कर प्रशासन से मुआवजे की मांग की।
बराल गांव निवासी अंकज प्रजापति पुत्र सुभाष कान्हा उपवन गौशाला में साफ-सफाई और हरा चारा काटने का काम करते थे। आठ अगस्त को अंकज मशीन से हरा चारा काट रहे थे। इसी दौरान जेनरेटर से जुड़े तारों से जमीन पर जमा पानी में करंट उतर गया। करंट की चपेट में आने से अंकज गंभीर रूप से झुलस गए।
गौशाला में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत अंकज को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें सुभारती अस्पताल ले जाया गया। करीब दस दिनों तक उपचार चलने के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार को उपचार के दौरान अंकज ने दम तोड़ दिया।
पुलिस कार्रवाई और परिजनों की मांग
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अंकज की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन अस्पताल में एकत्र हुए और अपना आक्रोश जताया।
परिजनों ने प्रशासन से घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। घटना के बाद गौशालाओं में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.