'बेटी को ढूंढ दो'... साढ़े चार महीने से लापता नसरीन के माता-पिता पहुंचे SSP कार्यालय

मुजफ्फरनगर में करीब साढ़े चार महीने से लापता विवाहिता नसरीन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। सोमवार को पीड़िता के परिजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे और अपनी बेटी की तलाश के साथ-साथ न्याय की मांग की। इस दौरान परिजन भावुक हो गए और उन्होंने मीडिया के सामने अपनी पीड़ा भी साझा की।
मेरठ के सरधना क्षेत्र निवासी भूरी पत्नी नसरुद्दीन ने एसएसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बेटी नसरीन का विवाह लगभग 13 वर्ष पहले मुज़फ़्फ़रनगर के नियाजुपुरा निवासी शकील पुत्र इस्लाम के साथ हुआ था। परिजनों के अनुसार नसरीन 26 जनवरी 2024 से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है।

परिजनों का आरोप है कि जब उन्होंने ससुराल पक्ष से बेटी के बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। परिवार ने पति और अन्य ससुराल पक्ष की भूमिका पर गंभीर संदेह जताया है और आशंका व्यक्त की है कि उनकी बेटी के साथ कोई अनहोनी हुई हो सकती है।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें नसरीन के दो बच्चों से मिलने तक नहीं दिया जा रहा है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है। परिजनों ने कहा कि इतने समय बीत जाने के बावजूद पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।
एसएसपी कार्यालय पहुंचे माता-पिता ने दोबारा मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि वे पहले भी कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई न होने से वे न्याय के लिए फिर से अधिकारियों के पास पहुंचे हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.