मुरैना: कृष्ण जन्मोत्सव की रात दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने तीन महिलाओं को कुचला

HIGHLIGHTS
- कृष्ण जन्मोत्सव के बाद घर लौट रही थीं तीनों महिलाएं।
- घिरोना हनुमान मंदिर के पास हुआ दर्दनाक हादसा।
- तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से तीनों की मौत।
मुरैना: जिले में कृष्ण जन्मोत्सव की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहीं तीन महिलाओं को तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों महिलाओं की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसा देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-44 पर घिरोना हनुमान मंदिर के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हरफूल के पुरा गांव की रहने वाली तीन महिलाएं कृष्ण जन्मोत्सव देखने और पूजा-अर्चना करने के बाद घर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान दिल्ली की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क किनारे बनी कुछ दुकानों में जा घुसा। इससे दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद मृतक महिलाओं के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। त्योहार की रात खुशी-खुशी घर से निकली महिलाएं वापस नहीं लौट सकीं, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि मृतक तीनों महिलाएं हरफूल के पुरा गांव की रहने वाली थीं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को भी घटनास्थल से हटाने का काम जारी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.