मुजफ्फरनगर में यूरिया की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, अवैध गोदाम पर छापा

मुजफ्फरनगर में किसानों को सब्सिडी दर पर मिलने वाले यूरिया की कालाबाजारी पर लगाम कसने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के ‘ऑपरेशन किसान प्रहरी’ के बाद अब कृषि विभाग ने भी ‘ऑपरेशन फार्मर्स फ्रेंड्स’ के तहत अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मोरना क्षेत्र में उत्तराखंड सीमा के पास एक अवैध गोदाम पर छापेमारी कर भारी मात्रा में यूरिया उर्वरक बरामद किया गया।
जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया के नेतृत्व में टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर भोकरहेड़ी के आगे सीताबपुरी गांव में स्थित गोदाम पर दबिश दी। जांच के दौरान पाया गया कि वहां बड़ी मात्रा में यूरिया अवैध रूप से स्टोर किया जा रहा था।
मौके पर मौजूद सोमपाल पुत्र चंदन, निवासी सीताबपुरी ने अधिकारियों को बताया कि यह गोदाम रोहन नाम के व्यक्ति ने खाद भंडारण के लिए किराए पर लिया था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पिछले लगभग दो महीनों से यहां यूरिया एकत्र कर ट्रॉलियों के माध्यम से 40 से 50 बैग की खेप के रूप में उत्तराखंड भेजी जा रही थी, जिसे किसानों के नाम पर दिखाया जा रहा था।

जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया के अनुसार, बरामद यूरिया यारा कंपनी का है और इसका संबंध भोकरहेड़ी क्षेत्र में पहले पकड़े गए रोहन और सौरभ के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और सप्लाई चेन को खंगाला जा रहा है।
छापेमारी के दौरान सभी बरामद यूरिया बैग को सील कर दिया गया। मौके पर एसओजी और स्थानीय पुलिस टीम को भी बुलाया गया। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हिस्से के खाद की कालाबाजारी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.