दक्षिण कश्मीर में आतंकी नेटवर्क फिर खड़ा करने की साजिश नाकाम, 8 ओवरग्राउंड वर्कर गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- 24 घंटे में तीन अलग-अलग अभियान चलाए गए
- शोपियां और पुलवामा में सुरक्षाबलों ने की कार्रवाई
- एसाल्ट राइफल की मैगजीन, पिस्तौल और कारतूस मिले
श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर में नष्ट हो चुके आतंकी नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश को सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया है। बीते 24 घंटों के दौरान तीन अलग-अलग अभियानों में लश्कर और हिजबुल मुजाहिदीन के आठ ओवरग्राउंड वर्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से हथियार, गोला-बारूद, आतंकी संगठनों के पोस्टर और अन्य जिहादी सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के इमाम साहिब इलाके में पुलिस ने सेना की 34 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान इमामसाहिब से सटे नारवनी इलाके के एक बाग में छिपे हिजबुल मुजाहिदीन के तीन ओवरग्राउंड वर्करों को गिरफ्तार किया गया।
इनके पास से एसाल्ट राइफल की दो मैगजीन, चार मोबाइल फोन, एक ग्रेनेड और प्रतिबंधित आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के चार पोस्टर बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए ओवरग्राउंड वर्करों की पहचान आशिक हुसैन कुमार, आरिफ कुमार और हारिस मंजूर के रूप में हुई है। तीनों कुलगाम जिले के रहने वाले हैं। बाग के मालिक का नाम नजीर अहमद वानी बताया गया है।
इससे पहले सोमवार देर रात हीरपोरा इलाके में सुरक्षाबलों ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रुकने का संकेत दिया था। मोटरसाइकिल सवार युवकों ने नाका पार्टी के संकेत को नजरअंदाज कर वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें पकड़ लिया गया। उनके पास से दो हथगोले और हिजबुल मुजाहिदीन के पांच पोस्टर बरामद किए गए।
गिरफ्तार किए गए तीनों युवकों की पहचान जुनैद अहमद डार, आमिर यूसुफ और जुनैद मुजफ्फर के रूप में हुई है। मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है और उसके स्वामित्व व इस्तेमाल की जांच की जा रही है। पूछताछ में तीनों ने शोपियां और कुलगाम में हिजबुल मुजाहिदीन के नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने की साजिश को आगे बढ़ाने की बात स्वीकार की है।
सोमवार देर रात शोपियां से सटे पुलवामा जिले में भी सुरक्षाबलों ने यारवन जंगल के पास आतंकियों के दो ओवरग्राउंड वर्करों लतीफ अहमद दीदड़ और एजाज अहमद बजाड को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक पिस्तौल, 12 कारतूस और एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिण कश्मीर के शोपियां और पुलवामा में गिरफ्तार किए गए सभी आठ ओवरग्राउंड वर्करों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। उनके संपर्कों, मोबाइल फोन और हाल की गतिविधियों की जांच की जा रही है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद हथियार और आपत्तिजनक सामग्री कहां से आई तथा इनके पीछे किसी सक्रिय आतंकी नेटवर्क की भूमिका है या नहीं। अधिकारियों के अनुसार, इन कार्रवाइयों के बाद दक्षिण कश्मीर के संवेदनशील इलाकों में तलाशी और निगरानी अभियान और तेज कर दिया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.