बिहार के सुपौल में कीर्तन के दौरान बड़ा हादसा, श्रद्धालुओं के बीच घुसी बेकाबू कार; 3 की मौत

HIGHLIGHTS
- पिपरा प्रखंड के कटैया में हुआ हादसा
- मंदिर के पास चल रहा था कीर्तन
- अचानक लोगों के बीच घुसी अनियंत्रित कार
सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र के कटैया गोठ में मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां तेज रफ्तार अनियंत्रित कार श्रद्धालुओं के बीच जा घुसी। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग पर एनएच-327ई के किनारे कटैया चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पास हुई। झूलन पर्व के मौके पर मंदिर परिसर में ग्रामीण कीर्तन-भजन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज गति से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और कीर्तन कर रहे श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कटैया पंचायत के वार्ड संख्या 15 निवासी सुरेंद्र यादव, वार्ड संख्या 12 निवासी तिलाई दास और राजू दास के रूप में हुई है। हादसे में भुवनेश्वरी यादव, रामचंद्र यादव समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेजा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंदिर के पास श्रद्धालु भजन-कीर्तन में व्यस्त थे। तभी तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर लोगों के बीच घुस गई और कई लोगों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भागने लगा। कुछ दूरी पर उसने वाहन को एक गैरेज में घुसा दिया। उस समय गैरेज में संचालक और कर्मचारी मौजूद नहीं थे, जिससे वहां एक और हादसा होने से बच गया।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे में तीन लोगों की मौत की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद लोगों ने सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुकने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीण आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई और मृतकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस और सदर इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और ग्रामीणों को समझाकर सड़क से हटाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कटैया गोठ में शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ कार चालक की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की भी जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.