प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर अचानक धंसी सड़क, टला बड़ा हादसा

HIGHLIGHTS
- लगातार बारिश के बाद धंसी हाईवे की सड़क
- करीब छह घंटे बाद मौके पर पहुंचे प्रोजेक्ट मैनेजर
- जल्द मरम्मत कराने का दिया आश्वासन
प्रतापगढ़। प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर नवाबगंज क्षेत्र में बरई का पुरवा के पास सोमवार की भोर में अचानक सड़क धंस गई। सड़क के नीचे गहरा गड्ढा होने के कारण हाईवे का एक हिस्सा नीचे बैठ गया। इससे हाईवे से गुजरने वाले लोगों में खलबली मच गई। राहत की बात रही कि जिस समय सड़क धंसी, उस वक्त वहां से कोई बाइक सवार या चार पहिया वाहन नहीं गुजर रहा था। इससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जाता है कि करीब एक साल पहले लखनऊ से प्रयागराज तक एनएच-30 राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन में बदलने का काम कराया गया था। महाकुंभ को देखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई गई थी। आसपास के ग्रामीणों का आरोप है कि नवाबगंज क्षेत्र में बरई का पुरवा के पास जमीन के नीचे मौजूद गहरे गड्ढे को पूरी तरह भरकर सुरक्षित तरीके से बंद करने के बजाय उसके ऊपर टेंपरेरी डामर डालकर सड़क बना दी गई थी।
इन दिनों लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क के नीचे बने गहरे गड्ढे में पानी पहुंच गया। इसके बाद जमीन के अंदर की मिट्टी खिसकने लगी और सोमवार की भोर सड़क का एक हिस्सा अचानक भरभराकर नीचे धंस गया। सड़क धंसने के बाद वहां गहरा गड्ढा दिखाई देने लगा।
स्थानीय लोगों ने विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सड़क के नीचे गहरा गड्ढा होने के बावजूद उसे स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया, जो सवाल खड़े करता है। यदि सड़क धंसने के समय कोई तेज रफ्तार वाहन वहां से गुजर रहा होता तो वह सीधे गहरे गड्ढे में गिर सकता था। इससे बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।
जानकारी मिलने के करीब छह घंटे बाद एनएच के प्रोजेक्ट मैनेजर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जल्द ही सड़क की मरम्मत कराने की बात कही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.