नोएडा जिला अस्पताल में मरीजों के लिए दवा भर रहा था सुरक्षा गार्ड, वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- घटना 14 अगस्त की देर रात जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में सामने आई।
- पांचवीं मंजिल पर स्टाफ नर्स रिचा कुमारी और सुरक्षा गार्ड सुनील की ड्यूटी थी।
- आरोप है कि गार्ड को मरीजों के इंजेक्शन के लिए सिरिंज में दवा भरने को कहा गया।
नोएडा। जिला अस्पताल में मरीजों के इलाज में लापरवाही और उनकी सुरक्षा से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पांचवीं मंजिल पर तैनात एक सुरक्षा गार्ड स्टाफ नर्स की मौजूदगी में डॉक्टर की तरह मरीजों के लिए सिरिंज में दवा भर रहा था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने कार्रवाई करते हुए स्टाफ नर्स और सुरक्षा गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
14 अगस्त की देर रात जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में मरीजों की देखभाल के लिए स्टाफ नर्स रिचा कुमारी और सुरक्षा व्यवस्था के लिए गार्ड सुनील की ड्यूटी लगी थी। आरोप है कि रात के समय हंसी-मजाक के दौरान स्टाफ ने गार्ड सुनील को मरीजों को इंजेक्शन लगाने के लिए कई खाली सिरिंज दीं। इसके साथ ही दवाइयों की कई डोज देकर उन्हें पांच मिनट में सिरिंज में भरने के लिए कहा गया।
इसके बाद सुनील पांचवीं मंजिल स्थित काउंटर पर बैठकर सिरिंज में दवा भरने लगा। इस घटना के बाद सवाल उठ रहे हैं कि मरीजों की बीमारी के अनुसार दवा की सही मात्रा सिरिंज में भरी गई थी या नहीं।
इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में स्टाफ नर्स पर भी अपने कर्तव्यों को ईमानदारी और निष्ठा से पूरा नहीं करने का आरोप लगाया गया है। वीडियो को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री कार्यालय और महानिदेशक स्वास्थ्य विभाग को टैग किया गया है।
गार्ड और नर्स निलंबित, एजेंसी को नोटिस
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अशोक कुमार झा ने वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए स्टाफ नर्स रिचा कुमारी और सुरक्षा गार्ड सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
आरोपित गार्ड सुनील कुमार को अलीगढ़ की न्यू पैंथर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड एजेंसी के माध्यम से जिला अस्पताल में तैनात किया गया था। सीएमएस ने गार्ड को निलंबित करने के साथ ही आउटसोर्स एजेंसी को भी नोटिस जारी किया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.