लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह की सुरक्षा कड़ी, 20 हजार तक सुरक्षाकर्मी होंगे तैनात

HIGHLIGHTS
- सुरक्षा व्यवस्था को दो हिस्सों में बांटा गया
- QRT और NDRF की टीमें भी रहेंगी तैनात
- कंट्रोल रूम से CCTV की लाइव निगरानी
दिल्ली के लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। डीसीपी नॉर्थ राजा बांठिया ने बताया कि सुरक्षा तैनाती की योजना को मानव बल और तकनीकी तैनाती, इन दो हिस्सों में बांटा गया है। समारोह के दौरान अलग-अलग एजेंसियों के करीब 15 से 20 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था में दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक यूनिट, नॉर्थ जिला की टीमें, स्थानीय पुलिस, पीसीआर, स्पेशल ब्रांच और स्पेशल सेल के अलावा अन्य सुरक्षा बल भी शामिल होंगे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों की कंपनियां, कमांडो और एनएसजी की टीमें तैनात रहेंगी। इनमें हिट टीमें और स्नाइपर भी शामिल होंगे।
किसी भी संभावित आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ की टीम भी मौजूद रहेगी। वहीं, क्विक रिएक्शन टीमें (QRT) रणनीतिक स्थानों और वॉचटावर पर तैनात की जाएंगी। तकनीकी सुरक्षा के तहत लाल किले और आसपास के क्षेत्रों में एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनकी निगरानी के लिए कंट्रोल रूम तैयार किए गए हैं, जहां प्रशिक्षित कर्मचारी कैमरों की लाइव फीड पर नजर रखेंगे। जमीनी स्तर पर तुरंत कार्रवाई करने वाली टीमों के लिए भी विशेष स्थान तय किए गए हैं।
डीसीपी ने बताया कि जरूरत के मुताबिक अलग-अलग स्थानों पर वीडियो एनालिटिक्स तकनीक का इस्तेमाल भी किया गया है। इसमें फेसियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS), नंबर प्लेट रिकग्निशन और घुसपैठ का पता लगाने वाली प्रणाली शामिल है। कुछ पुलिसकर्मियों को बॉडी-वॉर्न कैमरों से भी लैस किया जाएगा।
ड्रोन से संभावित खतरे से निपटने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम भी लगाए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ऑनलाइन सोशल मीडिया पर होने वाली गतिविधियों और चर्चाओं पर भी नजर रख रही है। डीसीपी ने कहा कि सभी ब्रीफिंग और प्रशिक्षण सत्र पूरे हो चुके हैं और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.