IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा नियुक्ति विभाग को मिला, अब केंद्र सरकार लेगी अंतिम फैसला

HIGHLIGHTS
- इस्तीफे में पारिवारिक और निजी कारणों का उल्लेख किया गया।
- दिव्या मित्तल ने रविवार को सेवा से इस्तीफा देने की जानकारी दी थी।
- मई 2026 में उन्हें देवरिया डीएम पद से हटाया गया था।
नई दिल्ली। आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल का इस्तीफा सोमवार को नियुक्ति विभाग को प्राप्त हो गया। इस्तीफे में उन्होंने पारिवारिक और निजी कारणों को वजह बताया है। उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार, अब आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस्तीफा केंद्र सरकार को भेजा जाएगा, क्योंकि इस पर अंतिम निर्णय वहीं से लिया जाना है।
यूपी कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने रविवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इसकी जानकारी अपने फेसबुक और एक्स अकाउंट के जरिए साझा की थी। मई 2026 में दिव्या मित्तल को देवरिया के जिलाधिकारी पद से हटाकर राजस्व विभाग में अपेक्षाकृत कम महत्व वाले विशेष सचिव पद पर तैनात किया गया था। इसके बाद से ही उनके असहज होने की बात कही जा रही थी।
शासन के उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक, अब उनका त्यागपत्र केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) को भेजने का फैसला किया गया है। इस विभाग की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री के पास है, इसलिए अंतिम फैसला उच्चस्तर पर ही होगा। इसके बाद फाइल राष्ट्रपति भवन तक जाएगी, क्योंकि आईएएस अधिकारियों के नियुक्ति प्राधिकारी राष्ट्रपति होते हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.