मोदी के नेतृत्व पर भरोसा कर रहा विश्व, राष्ट्रपति मुर्मू ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 75 वर्ष के हो गए। भारतीय जनता पार्टी ने इस अवसर को विशेष रूप से मनाने के लिए दो सप्ताह तक चलने वाले ‘सेवा पखवाड़ा’ का ऐलान किया है, जो 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक आयोजित होगा। इसके तहत देशभर के 1000 जिलों में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे और 75 शहरों में ‘नमो दौड़’ का आयोजन होगा। इसके अलावा पौधरोपण और अन्य सामाजिक कार्यक्रम भी शामिल किए गए हैं।
इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि “आपने अपने कठोर परिश्रम और असाधारण नेतृत्व से देश में बड़े लक्ष्यों को हासिल करने की संस्कृति को स्थापित किया है। विश्व समुदाय भी आप पर विश्वास प्रकट कर रहा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि आप स्वस्थ और प्रसन्न रहें तथा देश को नई ऊँचाइयों पर ले जाएं।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने याद किया कि झांसी में मोदी का पहला भाषण सुनकर ही उन्होंने उनमें भविष्य के नेतृत्व की झलक देखी थी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, संगठन के प्रति समर्पण और हर चुनौती को स्वीकार करने का साहस ही उन्हें विशिष्ट बनाता है।
प्रधानमंत्री को बधाई देने वालों में विपक्षी दलों के नेता भी शामिल रहे। इस बीच प्रसिद्ध रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने पुरी समुद्र तट पर 750 कमल के फूलों से सजी एक खास रेत मूर्ति बनाकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में गरीबों का जीवन बदला और भारत को वैश्विक शक्ति बनने की दिशा मिली है। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा ने गुरुद्वारा बंगला साहिब और मरघट हनुमान मंदिर में प्रार्थना कर प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
केंद्रीय मंत्रियों हरदीप सिंह पुरी, पीयूष गोयल और धर्मेंद्र प्रधान ने भी मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की और कहा कि उन्होंने भारत की प्रतिष्ठा को वैश्विक स्तर पर नई ऊँचाइयों तक पहुंचाया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.