मुजफ्फरनगर के कॉलेज में छात्रों से सड़क किनारे सफाई कराने का वीडियो वायरल, जांच शुरू

HIGHLIGHTS
- चरथावल के जय हिंद इंटर कॉलेज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
- छात्रों के हाथों में किताबों की जगह झाड़ू दिखाई दी
- अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने मामले पर जताई चिंता
मुजफ्फरनगर। चरथावल स्थित जय हिंद इंटर कॉलेज में छात्रों से कॉलेज के मुख्य गेट के बाहर सड़क किनारे सफाई कराए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं। आरोप है कि कॉलेज के पीटीआई द्वारा छात्रों से यह सफाई कराई जा रही थी।
वायरल वीडियो में छात्रों के हाथों में किताबों की जगह झाड़ू दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने और अपना भविष्य बनाने के लिए स्कूल आते हैं। ऐसे में उनसे विद्यालय परिसर के बाहर सड़क किनारे सफाई कराया जाना कितना उचित है, यह जांच का विषय है।
अभिभावकों ने भी मामले को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए सफाई अभियान में शामिल करना अलग बात है, लेकिन यदि उनसे नियमित रूप से सफाई का काम कराया जा रहा है तो इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
इस मामले में विद्यालय प्रबंधन आकाश त्यागी और प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रजापति का कहना है कि सफाई स्वच्छता अभियान के तहत कराई जा रही थी। वहीं, स्थानीय लोगों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में छात्रों से अनुचित तरीके से सफाई कराने की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
मुजफ्फरनगर के जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.