मेलबर्न में खेले गए ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के फाइनल में स्पेन के युवा स्टार कार्लोस अल्काराज ने सर्बिया के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को चार सेटों में हराकर खिताब अपने नाम किया। अनुभव और युवा जोश की इस भिड़ंत में अंततः ऊर्जा और आक्रामक खेल भारी पड़ा। अल्काराज ने मुकाबला 2-6, 6-2, 6-3, 7-5 से जीत लिया।

यह अल्काराज के करियर का सातवां ग्रैंडस्लैम और पहला ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब रहा। वहीं जोकोविच 25वें ग्रैंडस्लैम खिताब से एक बार फिर चूक गए।

मुकाबले का पूरा हाल

फाइनल के पहले सेट में जोकोविच ने शानदार सर्विस और दमदार फोरहैंड के दम पर 6-2 से बढ़त बनाई। हालांकि इसके बाद अल्काराज ने मैच की तस्वीर ही बदल दी।

दूसरे सेट में स्पेनिश खिलाड़ी ने लय पकड़ते हुए जोकोविच को पीछे धकेला और 6-2 से बराबरी कर ली। तीसरे सेट में जोकोविच की गति धीमी पड़ती दिखी, जिसका फायदा उठाते हुए अल्काराज ने 6-3 से बढ़त हासिल की।

चौथे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन अहम मौकों पर अल्काराज ने संयम दिखाया और 7-5 से सेट जीतकर खिताब पर कब्जा जमा लिया।

अल्काराज का ऐतिहासिक कारनामा

इस जीत के साथ 22 वर्षीय अल्काराज ने अपने करियर का सबसे बड़ा अध्याय लिख दिया। विंबलडन, फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन पहले ही जीत चुके अल्काराज ने अब ऑस्ट्रेलियन ओपन भी जीतकर करियर ग्रैंड स्लैम पूरा कर लिया है।

वह ओपन एरा में यह उपलब्धि हासिल करने वाले छठे पुरुष खिलाड़ी बने और साथ ही सबसे कम उम्र (22 साल 272 दिन) में यह मुकाम छूने वाले खिलाड़ी भी बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड राफेल नडाल के नाम था, जिन्होंने 24 साल की उम्र में करियर ग्रैंड स्लैम पूरा किया था।

अल्काराज के 7 ग्रैंडस्लैम खिताब

  • ऑस्ट्रेलियन ओपन – 2026

  • फ्रेंच ओपन – 2024, 2025

  • विंबलडन – 2023, 2024

  • यूएस ओपन – 2022, 2025

जोकोविच के लिए ऐतिहासिक फाइनल में पहली हार

यह नोवाक जोकोविच का 11वां ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल था और इस टूर्नामेंट के फाइनल में उनकी यह पहली हार रही। इससे पहले वह 10 बार फाइनल खेलकर 10 बार ही विजेता बने थे। इस तरह अल्काराज ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में जोकोविच को हराने वाले पहले खिलाड़ी बन गए।

25वां ग्रैंडस्लैम अभी भी दूर

जोकोविच के नाम अब भी 24 ग्रैंडस्लैम खिताब हैं। उनका आखिरी खिताब 2023 यूएस ओपन में आया था। इसके बाद से वह दो वर्षों से नए ग्रैंडस्लैम की तलाश में हैं।

अगर वह 25वां खिताब जीत लेते, तो पुरुष और महिला टेनिस दोनों में वह सबसे ज्यादा ग्रैंडस्लैम जीतने वाले खिलाड़ी बन जाते। फिलहाल यह रिकॉर्ड मार्ग्रेट कोर्ट (24) के साथ संयुक्त रूप से उनके पास ही है।

जोकोविच के ग्रैंडस्लैम खिताब

  • ऑस्ट्रेलियन ओपन – 10

  • फ्रेंच ओपन – 3

  • विंबलडन – 7

  • यूएस ओपन – 4
    कुल – 24 ग्रैंडस्लैम

करियर ग्रैंड स्लैम सबसे कम उम्र में

खिलाड़ीउम्रवर्ष
कार्लोस अल्काराज22 साल 272 दिन2026
राफेल नडाल24 साल 101 दिन2010
रोजर फेडरर27 साल 303 दिन2009
नोवाक जोकोविच29 साल 14 दिन2016
आंद्रे अगासी29 साल 38 दिन1999
रॉड लेवर31 साल 32 दिन1969