पानीपत: सेक्टर 13-17 थाना क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ सरनाई गांव में एक बैंक के सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। 38 वर्षीय गार्ड मदन लाल सैनी का शव सोमवार तड़के लगभग ढाई बजे उनके घर में चारपाई पर मिला। उनके सिर पर चोट के निशान थे और गले में कपड़ा बंधा हुआ पाया गया।
परिजनों ने घटना को लेकर अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक की मां केला देवी की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेटे ने सबसे पहले देखा खून से लथपथ शव
परिजनों के अनुसार, मदन लाल अपने परिवार के साथ घर में रहते थे। रविवार देर रात उनका 12 वर्षीय बेटा शौच के लिए उठा तो उसने अपने पिता को चारपाई पर खून से लथपथ अवस्था में देखा। बच्चे ने तुरंत अपनी मां को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने शोर मचाया और रिश्तेदारों को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के भाई राजेंद्र मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में मदन लाल को जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घर में घुसकर हत्या का आरोप
परिजनों का आरोप है कि किसी ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है। मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जबकि गले पर कपड़े से दबाव के निशान मिले हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
फॉरेंसिक टीम ने की जांच
सेक्टर 13-17 थाना पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जो मेडिकल बोर्ड द्वारा कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस ने बनाई जांच टीम
थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।