अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रिंकू सिंह की फेसबुक आईडी साइबर अपराधियों द्वारा हैक कर ली गई है। साथ ही उनकी मोनेटाइज्ड आईडी, जिसमें 16 लाख फॉलोअर्स जुड़े हैं, से मिलने वाली आय भी हैकर्स के हाथ लग रही है। इस जानकारी की पुष्टि रिंकू सिंह ने सीधे एसएसपी को की। बाद में उनके भाई की ओर से लिखित तहरीर साइबर थाने में जमा कराई गई।
क्रिकेट में व्यस्त रहने के कारण रिंकू सिंह अपनी फेसबुक आईडी पर लंबे समय तक ध्यान नहीं दे पा रहे थे। हाल ही में जब उन्होंने लॉग-इन करने की कोशिश की, तो पता चला कि उनकी आईडी अब उनके पुराने जीमेल अकाउंट से नहीं बल्कि एक नए अकाउंट ‘कॉमर्शियल.रिंकूकुमार’ से लॉग-इन हो रही है। इस आईडी से होने वाली कमाई भी हैकर्स के नियंत्रण में है।
एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर टीम को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके भाई सोनू सिंह द्वारा दर्ज तहरीर के आधार पर अज्ञात हैकर के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
रिंकू सिंह फिलहाल मुंबई में हैं और हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में भाग लिया। बता दें कि क्रिकेटर रिंकू सिंह की सपा सांसद प्रिया सरोज से जल्द ही शादी होने वाली है, और दोनों परिवारों में इस शादी को लेकर उत्साह का माहौल है।