भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच के बहिष्कार को लेकर पाकिस्तान अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट हलकों में दबाव में नजर आ रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने पाकिस्तान से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने का आग्रह किया है। इस बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी एक बार फिर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात कर सकते हैं और भारत के खिलाफ मैच न खेलने के फैसले को वापस लेने का अनुरोध कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने शुरुआत में बांग्लादेश के समर्थन में यह रुख अपनाया था, लेकिन हालात ऐसे बन गए कि अब वही फैसला पाकिस्तान के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की सख्ती और अन्य बोर्डों की नाराजगी के चलते पीसीबी पर अपना रुख बदलने का दबाव बढ़ गया है।
घटनाक्रम कैसे आगे बढ़ा
बांग्लादेश द्वारा भारत में खेलने से इनकार करने के बाद आईसीसी ने उसे टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में शामिल किया गया। इस पूरे मामले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश का खुलकर समर्थन किया। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने यह कहकर स्थिति और उलझा दी कि पाकिस्तान का विश्व कप में खेलना प्रधानमंत्री के फैसले पर निर्भर करेगा।
इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की कि टीम टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी, लेकिन 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाला मुकाबला नहीं खेलेगी। इस फैसले से आईसीसी असंतुष्ट नजर आया और उसने संभावित कार्रवाई के संकेत दिए। पीसीबी ने फोर्स मेज्योर प्रावधान लागू करने की मांग की, जिस पर आईसीसी ने स्पष्टीकरण मांगा। दोनों पक्षों के बीच इस मुद्दे पर वर्चुअल बैठक भी हुई।
प्रधानमंत्री को दी जाएगी पूरी जानकारी
समाचार एजेंसी पीटीआई के हवाले से बताया गया है कि मोहसिन नकवी सोमवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराएंगे। वे बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के क्रिकेट बोर्ड के साथ हुई बातचीत के साथ-साथ आईसीसी के रुख की भी जानकारी देंगे और मौजूदा संकट की गंभीरता समझाएंगे।
लाहौर बैठक में बीसीबी अध्यक्ष भी शामिल
सूत्रों के अनुसार, आईसीसी के उपाध्यक्ष और स्वतंत्र निदेशक इमरान ख्वाजा की लाहौर में नकवी के साथ हुई बैठक में बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम भी मौजूद थे। इस दौरान श्रीलंका और यूएई क्रिकेट बोर्ड ने भी पाकिस्तान से आग्रह किया कि वह भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार पर पुनर्विचार करे। अमीनुल इस्लाम ने पाकिस्तान द्वारा बांग्लादेश के समर्थन की सराहना करते हुए नकवी से यह कदम वापस लेने का अनुरोध किया।
पीसीबी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि नकवी प्रधानमंत्री से विशेष रूप से भारत के खिलाफ मैच खेलने की अनुमति मांग सकते हैं। हालांकि अंतिम फैसला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का ही होगा और बोर्ड उसी के अनुरूप आगे बढ़ेगा।
एशिया कप ट्रॉफी का मुद्दा भी उठा
सूत्रों के मुताबिक, इमरान ख्वाजा के साथ बातचीत में नकवी ने एशिया कप ट्रॉफी से जुड़ा मामला भी उठाया। उन्होंने सवाल किया कि यदि पाकिस्तान ने किसी भारतीय क्रिकेट अधिकारी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया होता, तो क्या आईसीसी उस पर चुप रहती। उल्लेखनीय है कि एशिया कप ट्रॉफी फिलहाल दुबई स्थित एशियाई क्रिकेट परिषद के मुख्यालय में सुरक्षित रखी गई है। नकवी ने पहले ही साफ कर दिया था कि ट्रॉफी का हस्तांतरण मीडिया की मौजूदगी में ही होना चाहिए।