जयपुर। पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ अब इंडियन प्रीमियर लीग की टीम राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा नहीं रहेंगे। फ्रेंचाइजी ने शनिवार को आधिकारिक रूप से जानकारी दी कि द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त हो गया है। सोशल मीडिया पर जारी बयान में टीम ने बताया कि आईपीएल 2026 से पहले द्रविड़ मुख्य कोच की भूमिका से अलग हो चुके हैं।

भारतीय टीम को विश्व विजेता बनाने के बाद जुड़े थे
द्रविड़ को बीते वर्ष सितंबर में राजस्थान का मुख्य कोच बनाया गया था। इससे पहले वह भारतीय टीम को 2024 टी20 विश्व कप में चैंपियन बना चुके थे। द्रविड़ का राजस्थान से पुराना जुड़ाव रहा है। आईपीएल के शुरुआती दौर में उन्होंने इस टीम की कप्तानी की थी और 2012-13 में टीम का नेतृत्व किया था। इसके अलावा, 2014 और 2015 में वह फ्रेंचाइजी के मेंटर भी रहे। बाद में 2016 में वह दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) से जुड़ गए थे। करीब एक दशक बाद जब वह दोबारा राजस्थान से जुड़े तो उम्मीदें बड़ी थीं, लेकिन यह कार्यकाल एक साल भी पूरा नहीं कर पाया।