गुवाहाटी। गुवाहाटी के बारसपारा क्रिकेट स्टेडियम में सोमवार को राजस्थान रॉयल्स ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 8 विकेट से हराकर 128 रनों के लक्ष्य को महज 12.1 ओवर में हासिल किया। इस जीत में वैभव सूर्यवंशी (52) और यशस्वी जायसवाल (नाबाद 38) की तूफानी पारियों ने टीम की जीत की नींव रखी।

चेन्नई की शुरुआत रही कमजोर

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीएसके की टीम का आरंभ निराशाजनक रहा। राजस्थान के गेंदबाजों ने बारिश से गीली पिच का पूरा फायदा उठाया। तेज़ गेंदबाज हों या स्पिनर, सभी आरआर के गेंदबाजों ने सीएसके के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा।

संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ मात्र 6-6 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर आए आयुष म्हात्रे बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए, वहीं मैथ्यू शॉट सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए। टीम लगातार विकेट गंवाती रही और 19.4 ओवर में 127 रन पर ऑल आउट हो गई।

जेमी ओवरटन ने 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 36 गेंद में 43 रन की पारी खेली और टीम के स्कोर को 127 तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट होने से पहले उन्होंने अंशुल कंबोज (नाबाद 7) के साथ 33 रन की साझेदारी भी की।

सीएसके की ओर से अंशुल कंबोज, सरफराज खान (17), कार्तिक शर्मा (18) और दिग्गज रवींद्र जडेजा ने अपनी पुरानी टीम को चुनौती दी। जडेजा ने अपने 3 ओवर में शिवम दुबे और सरफराज खान को आउट कर RR के लिए अहम झटके दिए। राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर और जडेजा ने क्रमशः 2-2 विकेट लिए।

वैभव और यशस्वी की तूफानी बल्लेबाजी

128 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम के लिए यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए 6.2 ओवर में 75 रन जोड़कर मजबूत नींव रखी। वैभव ने 17 गेंद में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 52 रन की तूफानी पारी खेली। उनका आउट सरफराज खान ने शानदार कैच लेकर किया।

यशस्वी जायसवाल ने इसके बाद ध्रुव जुरेल के साथ 24 रन की साझेदारी की। जुरेल 9 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए। अंत में यशस्वी ने कप्तान रियान पराग के साथ नाबाद 29 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई।

यशस्वी ने अपनी पारी में एंकर की भूमिका निभाई और 36 गेंद में 38 रन नाबाद रहे। रियान पराग ने 11 गेंद में 14 रन नाबाद बनाकर टीम को जीत दिलाई। चेन्नई की ओर से दोनों विकेट अंशुल कंबोज ने लिए।