वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए एक हाई-स्कोरिंग मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 243 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। ओपनर रियान रिकेल्टन ने धमाकेदार शतक जड़ते हुए 123 रन की नाबाद पारी खेली और वानखेड़े में आईपीएल इतिहास का नया रिकॉर्ड बना दिया। हालांकि उनकी यह शानदार पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी, क्योंकि सनराइजर्स हैदराबाद ने जबरदस्त जवाबी बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
हैदराबाद की आक्रामक शुरुआत
244 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद तेज रही। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने मिलकर पहले विकेट के लिए 52 गेंदों में 129 रनों की साझेदारी की और मुंबई पर दबाव बना दिया। अभिषेक शर्मा ने 45 रन बनाए, जबकि ईशान किशन बिना खाता खोले आउट हो गए।
हालांकि इसके बाद मुंबई ने वापसी की कोशिश की और एएम गजनफर ने लगातार दो विकेट लेकर मैच में रोमांच बढ़ा दिया।
हेड और क्लासेन की दमदार पारी
ट्रेविस हेड ने 30 गेंदों में 76 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 8 छक्के शामिल रहे। वह शतक के करीब पहुंचकर आउट हो गए। इसके बाद हेनरिक क्लासेन ने जिम्मेदारी संभालते हुए 65* रनों की नाबाद पारी खेली और नीतीश कुमार रेड्डी के साथ 80 रनों की अहम साझेदारी की।
सनराइजर्स ने 18.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लगातार अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा।
रिकल्टन की ऐतिहासिक पारी
इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरुआत की। क्विंटन डिकॉक की जगह टीम में आए रियान रिकेल्टन ने मौके का पूरा फायदा उठाया और 55 गेंदों में 123* रन बनाए। उन्होंने सिर्फ 44 गेंदों में शतक पूरा किया, जो मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतक है।
रिकल्टन की पारी में 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। विल जैक्स के साथ उन्होंने पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दी।
मुंबई की पारी का संक्षेप
विल जैक्स ने भी 46 रनों की तेज पारी खेली। हालांकि सूर्यकुमार यादव एक बार फिर सस्ते में आउट हुए, जिससे टीम को झटका लगा। हार्दिक पांड्या ने अंत में 31 रनों का योगदान देकर स्कोर को 243 तक पहुंचाया।
अहम रिकॉर्ड्स
- वानखेड़े में आईपीएल का सबसे बड़ा टीम स्कोर: 243/5 (MI)
- मुंबई के लिए सबसे तेज शतक: रियान रिकेल्टन (44 गेंद)
- सनराइजर्स की लगातार 5वीं जीत
- मुंबई की इस सीजन में 6वीं हार