मुंबई। वानखेड़े स्टेडियम में वही मैदान, वही दर्शक और वही जोश, लेकिन इस बार रोहित शर्मा कप्तान के रूप में नहीं बल्कि टी20 विश्व कप 2026 के ब्रांड एम्बेसडर के तौर पर लौटे। शनिवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में सबसे जोरदार तालियां किसी कलाकार या परफॉर्मर के लिए नहीं, बल्कि रोहित शर्मा के स्वागत में गूंजीं। यही मैदान था जहां उन्होंने 2024 में भारत की विश्व कप जीत का जश्न मनाया था।
बीते पलों की यादें ताजा
वानखेड़े लौटकर रोहित भावुक हो उठे। ICC ने उनके एक वीडियो को साझा किया जिसमें उन्होंने सूर्यकुमार यादव और टीम से कहा, “अजीब लग रहा है… वहां से इधर आना बहुत अजीब है।” उनके चेहरे और आवाज में बीते पलों की झलक थी। जैसे ही वह मैदान में आए, पूरा स्टेडियम स्टैंडिंग ओवेशन से गूंज उठा। फैंस के नारे, “मुंबई च राजा… मुंबई च राजा!” ने हर दर्शक का दिल जीत लिया।
रोहित ने कहा—'इस पल को जीना सीखना होगा'
मुस्कुराते हुए रोहित ने कहा, “यहां आना हमेशा खास होता है। मुंबई का क्रिकेट से प्यार कहीं और नहीं मिलता। इस ऊर्जा में कभी निराशा नहीं होती।” उन्होंने यह भी बताया कि भागदौड़ भरी जिंदगी में ऐसे लम्हों को जीना जरूरी है, क्योंकि ये पल दोबारा नहीं आते। उन्होंने स्वीकार किया कि अब मैदान के इस तरफ खड़े होना उनके लिए थोड़ा अजीब है, लेकिन अनुभव बेहद खास था।
खिलाड़ियों और सितारों से मुलाकात
रोहित ने सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम से बातचीत की और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। इस दौरान रैपर बादशाह और हार्दिक पांड्या से भी उनके दिल से गले मिलने की झलक देखने को मिली।
रंग, रोशनी और जश्न
उद्घाटन समारोह में पहले बादशाह ने शानदार परफॉर्मेंस दिया, उसके बाद नोरा फतेही के डांस ने स्टेडियम में जोश भर दिया। एलईडी लाइट्स और आतिशबाजी से वानखेड़े बैंगनी और सुनहरे रंगों में रंग गया, जैसे यादों और जज्बातों का जश्न मनाया जा रहा हो।