हाजीपुर: बरांटी थाना क्षेत्र के दयालपुर गांव में एक आरोपित को गिरफ्तार करने गई एएलटीएफ टीम पर स्थानीय लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान बभनी मठ एएलटीएफ-6 के एसआई श्रवण कुमार साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस की सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया और वाहन को भी नुकसान पहुँचाया।
थानाध्यक्ष पप्पू कुमार के अनुसार, एसआई ने इस घटना को लेकर बरांटी थाना में 15 नामजद और 15-20 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है।
मामले के विवरण के अनुसार, राजापाकर बरांटी थाना कांड संख्या 113/26 के आरोपी विक्रम कुमार को गिरफ्तार करने एएलटीएफ टीम दयालपुर पहुंची थी। पुलिस के पहुंचते ही एक महिला और एक पुरुष वाहन देखकर घर के अंदर भागे। चौकीदार ने उनके पहचान करते हुए उन्हें नरेश राय उर्फ घुसकी राय और चिंता देवी बताया।
पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, लेकिन आरोपित और उनके परिवार के अन्य लोग पड़ोसी चंदेश्वर राय उर्फ विंदेश्वर राय के घर में घुस गए और विरोध करते हुए पुलिस पर लाठी-डंडा, भाला, ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। इस दौरान एसआई की पिस्टल छीनने की कोशिश भी की गई। हमले में एएलटीएफ-6 के वाहन का पिछला शीशा टूट गया और एसआई के सिर पर चोट लगने से वे बेहोश हो गए। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजापाकर ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया।
प्राथमिकी में नरेश राय उर्फ घुसकी राय, चंदेश्वर राय उर्फ विंदेश्वर राय, फुल कुमारी देवी पति चंदेश्वर राय सहित कई अन्य नामजद और अज्ञात व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है। घटना की जांच और बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।